कांग्रेस ने UP के लिए 41 और उम्मीदवार घोषित किए, महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 20, 2022

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को 41 और उम्मीदवार घोषि किए। इनमें 16 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों दूसरी सूची में भी पहली सूची की तरह महिलाओं की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत है। इससे पहले पार्टी ने गत 13 जनवरी को 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी और उसमें 50 महिलाओं को टिकट दिया गया था। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान की शुरुआत करते हुए घोषणा की थी कि विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिये जाएंगे। कांग्रेस की ओर से जारी दूसरी सूची के अनुसार, सहारनपुर नगर से सुखविंदर कौर, चरथावल (मुजफ्फरनगर) से यासमीन राणा, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) से सलमा आगा अंसारी, बिलारी (मुरादाबाद) से कल्पना सिंह, चंदौसी (संभल) से मिथिलेश, साहिबाबाद (गाजियाबाद) से संगीता त्यागी, मोदी नगर (गाजियाबाद) से नीरज कुमारी प्रजापति और हापुड़ से भावना वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया गया है। इनके अलावा, स्याना विधानसभा सीट (बुलंदशहर) से पूनम पंडित, डिबाई (बुलंदशहर) से सुनीता शर्मा, खैर (अलीगढ़) से मोनिका सूर्यवंशी, इगलास (हाथरस) से प्रीति धनगर, छाता (मथुरा) से पूनम देवी, मांट (मथुरा) से सुमन चौधरी, नवाबगंज (बरेली) से ऊषा गंगवार और अकबरपुर से प्रियंका जायसवाल को टिकट दिया गया है। कांग्रेस की इन महिला उम्मीदवारों में एक प्रमुख नाम संगीता त्यागी का है जो साहिबाबाद से चुनाव लड़ रही हैं। वह कांग्रेस के प्रवक्ता रहे दिवंगत राजीव त्यागी की पत्नी हैं। राजीव त्यागी को पिछले साल एक टेलीविजन चैनल की बहस के तत्काल बाद दिल का दौरा पड़ा था और उनका निधन हो गया। स्याना से कांग्रेस उम्मीदवार पूनम पंडित किसान आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। वह अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज भी रह चुकी हैं। इन 16 महिला उम्मीदवारों के साथ ही कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में अलग-अलग वर्गों के लोगों को उम्मीदवार बनाया है। 

इसे भी पढ़ें: अरुणाचल से किशोर के अपहरण पर चुप क्यों हैं प्रधानमंत्री, देश को जवाब दें: कांग्रेस

कांग्रेस ने कैराना से हाजी अखलाक, थाना भवन से सत्य श्याम सैनी, बुढाना से देवेंद्र कश्यप, शामली से अयूब जंग, मुजफ्फरनगर से सुबोध शर्मा, पुरकाजी से दीपक कुमार, बागपत से अनिल देव त्यागी, आगरा कैंट से सिकंदर वाल्मीकि और कटरा से मुन्ना सिंह को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची में जिन 50 महिलाओं को टिकट दिया था उनमें उन्नाव सामूहिक बलात्कार मामले की पीड़िता की मां आशा सिंह भी थीं। उन्हें उन्नाव से उम्मीदवार बनाया गया है। महिलाओं को बड़ी संख्या में टिकट देने के सवाल पर प्रियंका गांधी ने गत बृहस्पतिवार को कहा था, ‘‘हमने महिलाओं की बात शुरू की तो सभी पार्टियां घोषणाएं करने लगीं। भाजपा, सपा, रालोद, बसपा सबने घोषणाएं कीं। हमारी सफलता यही है कि अब महिलाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’’ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे।

प्रमुख खबरें

US Immigration Fraud: भारतीय वकील Suraj Raj Singh पर 4 करोड़ का जुर्माना, फर्जी Asylum आवेदन का आरोप

1 अगस्त को Tamil Nadu जाएंगे Rahul Gandhi पर मुख्यमंत्री विजय से नहीं होगी मुलाकात

Ben Stokes की वापसी पर सस्पेंस बरकरार, Rob Key बोले- Ashes 2027 से पहले मुमकिन है धाकड़ ऑलराउंडर का कमबैक

Bombay High Court ने कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर जताई नाराजगी, नगर निकाय को दिए निर्देश