By अनुराग गुप्ता | Jul 10, 2021
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में जारी अंर्तकलह आखिर कब समाप्त होगा। राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। आपको बता दें कि अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच में ठन गई है। ऐसे में आलाकमान को बीच बचाव करना पड़ा फिर भी परिस्थितियां नहीं संभली।
इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद मनीष तिवारी ने पाटी के सभी पक्षों से सारे मतभेद भुलाकर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी खुद की दुश्मन है और अंदरूनी कलह ही हार का कारण है। अंग्रेजी समाचार पत्र 'द टाइम्स ऑफ इंडिया' में प्रकाशित खबर के मुताबिक कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि पार्टी नेताओं से पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को एक साथ लड़ने को कहा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी में मुझे 40 साल हो गए हैं। मेरा मानना है कि कांग्रेस को कोई और नहीं हराता, बल्कि वह खुद को ही हराती है। आपको बता दें कि मनीष तिवारी को कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। जिसकी जल्द ही घोषणा हो सकती है।
मनीष तिवारी ने असंतुष्ट नवजोत सिंह सिद्धू पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुट है। लेकिन ट्विटर पर कोई एजेंडा चला रहा है तो पार्टी नेतृत्व को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।