By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026
कांग्रेस ने बीते 20 जुलाई को छात्रों के संसद मार्च के समय जंतर-मंतर के निकट कथित तौर पर पत्थरों से भरा ट्रक खड़ा किए जाने के मामले में शुक्रवार को न्यायिक जांच की मांग की और आरोप लगाया कि यह गंभीर सुरक्षा चूक का मामला है तथा सरकार का खेल उजागर हो चुका है। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि 20 जुलाई को पत्थरों से भरा एक ट्रक पहले जंतर-मंतर के पास खड़ा देखा गया और बाद में उसे भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यालय के सामने खड़ा कर दिया गया, जहां वह 25 जुलाई तक खड़ा रहा। उन्होंने कुछ वीडियो दिखाए और इनका हवाला देते हुए सवाल किया कि संसद मार्च वाले दिन यह ट्रक वहां कैसे पहुंचा और इसे वहां किसके निर्देश पर खड़ा किया गया?
उन्होंने कहा, ‘‘ये दोनों बातें विरोधाभासी हैं।’’ चिब ने आरोप लगाया कि अब सरकार का पूरा खेल उजागर हो चुका है। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ने इस मामले में स्वतंत्र एवं न्यायिक जांच कराने, डंपर की आवाजाही से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने तथा पूरे घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की। चिब ने यह आरोप भी लगाया कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं और उनपर दबाव बनाया जा रहा है।