कांग्रेस है धोखेबाज पार्टी, कई सरकारें गिराईं: शिवराज सिंह चौहान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 11, 2019

मांडू/बड़कागांव/रामगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यहां कहा कि कांग्रेस एक धोखेबाज पार्टी है और वह भरोसे के लायक नहीं है। इस पार्टी ने चंद्रशेखर, एच डी देवगौड़ा और इंद्र कुमार गुजराल को प्रधानमंत्री तो बनाया, लेकिन कुछ समय बाद सभी की सरकारें गिरा दीं और किसी को अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने दिया। चौहान ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आज विभिन्न जगह सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पहले बनाती है और फिर खुद ही बर्बाद करती है। झारखंड के विकास के लिए हमें एक स्थिर सरकार चाहिए। राम राज चाहिए और यह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही दे सकती है।’’ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कहा, ‘‘‘कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा, उसमें से निकले मधु कोड़ा, भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड तोड़ा, झारखंड को कहीं का नहीं छोड़ा, विकास के रास्ते में बन गए रोड़ा।‘’उन्होंने कहा कि झारखंड को गठबंधन वाले लूट-लूटकर खा गए। ये लोग झारखंड का विकास नहीं कर सकते। यह इस प्रदेश का दुर्भाग्य रहा कि इसे कोई स्थिर सरकार नहीं मिली, लेकिन रघुवर दास जबसे मुख्यमंत्री बने हैं, तबसे विकास का एक नया इतिहास शुरू हुआ है। 

इसे भी पढ़ें: नागरिकता संशोधन विधेयक विभाजनकारी व असंवैधानिक : मायावती

भाजपा नेता ने कहा कि धरती के प्राकृतिक संसाधनों पर गरीब आदिवासियों को बराबरी का हक दिलाने के लिए भाजपा ने गरीब आदिवासी परिवारों को सस्ता अनाज और रहने के लिए जमीन का मालिक बनाकर मकान बनाने की व्यवस्था की है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने लोकसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक पारित होने पर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देते हुए कहा कि जल्द ही यह बिल राज्यसभा में भी पास हो जाएगा।  उन्होंने कहा कि अब पड़ोसी देश से आए किसी पीड़ित हिन्दू को जबरदस्ती वापस नहीं भेजा जाएगा।  चौहान ने कहा, ‘‘हमारा शुरू से मानना है कि एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं हो सकते। कश्मीर विलय का मामला नेहरू जी के हाथों में था, जिसका खामियाजा देश के लोग आज तक भुगत रहे थे। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घाटी से अनुच्छेद 370 समाप्त कर इस गलती को सुधारा है।

प्रमुख खबरें

चीन के Nostradamus की बड़ी भविष्यवाणी, Iran-US Tension बदल देगा पूरा Global Order

Jet Fuel संकट में बाकी Airlines पस्त, Delta को Refinery से हो रहा करोड़ों का Profit

Badminton Asia में बड़ी तकनीकी चूक, बिना Hawk-Eye के खेलने पर HS Prannoy ने उठाए गंभीर सवाल

TCS का AI पर बड़ा दांव, Revenue पहुंचा $2.3 अरब, Quarterly Results में बंपर मुनाफा।