कर्नाटक चुनाव: कांग्रेस-JDS का 4 सीटों पर जीतना तय, एक सीट पर BJP आगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 06, 2018

बेंगलुरु। कर्नाटक में शनिवार को हुए उपचुनावों के लिए डाले गए मतों की गिनती आज सुबह से शुरू हो गई और शुरूआती रुझान के मुताबिक सत्तारूढ़ कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन के उम्मीदवार लोकसभा की तीन में से दो सीटों पर और विधानसभा की दोनों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों से आगे चल रहे हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भाजपा केवल शिमोगा लोकसभा सीट पर आगे चल रही है जहां पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा के बेटे बी वाई राघवेंद्र पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगरप्पा के बेटे एवं जद(एस) के उम्मीदवार मधु बंगरप्पा से 36,351 मतों से आगे चल रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि भाजपा के कब्जे वाली बेल्लारी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के वी एस उगरप्पा ने भाजपा की जे शांता पर 1,79,294 मतों की बढ़त बना ली है। शांता बी श्रीरामुलु की बहन हैं जिन्होंने इस साल मई में हुए विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के बाद यह सीट छोड़ दी थी। मांड्या में जद(एस) के शिवरामे गौड़ा भाजपा के नए चेहरे एवं पूर्व अधिकारी डॉक्टर सिद्धरमैया से 99,198 मतों से आगे चल हैं। पुराने मैसुरु क्षेत्र के वोक्कालिगा पट्टी में पड़ने वाला मांड्या जद(एस) का परंपरागत गढ़ माना जाता है।

लोकसभा की जिन तीन सीटों पर उपचुनाव हुए हैं उनमें भाजपा के पास शिमोगा और बेल्लारी सीट थी जबकि जद(एस) के हिस्से में मांड्या सीट थी। रामनगर विधानससभा सीट पर मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी की पत्नी अनिता कुमारस्वामी भाजपा के एल चंद्रशेखर से 71,613 मतों से आगे हैं। चंद्रशेखर ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था लेकिन आधिकारिक तौर पर वह पार्टी के उम्मीदवार बने रहे। चंद्रशेखर चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे लेकिन कुछ ही हफ्ते वापस कांग्रेस का दामन थामकर उन्होंने भगवा पार्टी को बड़ा झटका दिया था।

कोई चुनौती न होने की सूरत में अनिता की जीत की राह आसान है। उत्तरी कर्नाटक में पड़ने वाली, जामखंडी विधानसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार आनंद न्यामगौड़ा 32,933 मतों के अंतर से, भाजपा के श्रीकांत कुलकर्णी से आगे चल रहे हैं। सड़क हादसे में पिता और विधायक सिद्धू न्यामगौड़ा की मौत के बाद उन्हें सहानुभूति का लाभ मिल रहा है। रामनगर विधानसभा सीट पर जद(एस) और जामखंडी सीट पर कांग्रेस का कब्जा था।

प्रमुख खबरें

Porn Star से जुड़े मामले में Trump की पूर्व करीबी सलाहकार होप हिक्स बनीं गवाह

कनाडाई पुलिस ने Nijjar की हत्या के तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया: मीडिया की खबर

लगातार कम स्कोर वाली पारियों के दौरान सही लोगों के बीच में रहने की कोशिश कर रहा था: Jaiswal

Dhoni मेरे क्रिकेट करियर में पिता जैसी भूमिका निभा रहे हैं, उनकी सलाह से लाभ मिलता है: Pathirana