कांग्रेस सांसद ने बंगाल में टीएमसी से गठबंधन की वकालत की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 02, 2018

कोलकाता। कांग्रेस की लोकसभा सांसद मौसम बेनजीर नूर ने अगले आम चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा को आने से रोकने के लिए कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच गठबंधन की गुरूवार को वकालत की। कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने नूर के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी ‘‘निजी राय’’ है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के मुद्दे पर पार्टी हाईकमान फैसला लेगा।

 

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नूर ने कहा,‘‘हम (कांग्रेस) (अगले लोकसभा चुनाव) में भाजपा को हराने के लिए देशभर में समान विचारधारा वाले सभी विपक्षी दलों के साथ गठबंधन करने का प्रयास कर रहे हैं। मेरा मानना है कि बंगाल में भी भाजपा के मार्च को रोकने के लिए एक गठबंधन होना चाहिए। हमें तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन बनाना चाहिए।’’ 

 

बाद में मित्रा ने कहा,‘‘हमारी पार्टी में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी राय व्यक्त करने का अधिकार है। उन्होंने (नूर) भी अपनी राय व्यक्त की। इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय एआईसीसी द्वारा लिया जायेगा।’’ तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने नूर के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने से इनकार कर दिया। गठबंधन के मुद्दे पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस नेतृत्व बंटा हुआ है। एक समूह ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के साथ समझौते के पक्ष में है और एक अन्य माकपा के साथ।

 

संयोग से, नूर के रिश्तेदार और मालदा दक्षिण से कांग्रेस सांसद अबू हसीम खान चौधरी भी तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन के पक्ष में है। इस बीच भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा,‘‘देश के अन्य हिस्सों की तरह जहां कांग्रेस गठबंधन की ओर देख रही है, बंगाल में भी वह ऐसा ही कर रही है क्योंकि उसे भरोसा है कि वह (कांग्रेस) अपने बलबूते एक भी सीट नहीं जीत पायेगी।’’ 

 

प्रमुख खबरें

सिर्फ अपने बच्चों के भविष्य के लिए चुनाव लड़ रहे हैं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस : PM Modi

‘INDIA’ गठबंधन के साझेदारों में मतभेद से पूरे बंगाल में देखने को मिल रहा है त्रिकोणीय मुकाबला

Apple वॉच ने दिल्ली की महिला की बचाई जान, सटीक और उन्नत सुविधाओं के लिए टिम कुक को धन्यवाद दिया, CEO ने दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस संगठन के असहयोग और अविश्वास के कारण नामांकन वापस लिया : Akshay Kanti Bam