By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 18, 2025
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को यहां करुलाई जंगलों में ‘ट्रैकिंग’ की और बड़ी चट्टानों पर चढ़कर चोलानायक्कर आदिवासी समुदाय से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
पार्टी द्वारा जारी की गई एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रियंका 11 सितंबर से अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में हैं और आदिवासी अर्थव्यवस्था में पीएचडी कर रहे सी. विनोद ने उनकी यात्रा के दौरान उन्हें जंगलों तथा आदिवासी समुदाय की समस्याओं के बारे में बताया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि आदिवासी समुदाय के विनोद ने चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें अपनी दुर्दशा के बारे में बताया था और उनके अनुरोध पर ही वह चोलानायक्कर समुदाय से मिलने गई थीं। समुदाय से मिलने के बाद कांग्रेस सांसद ने उनकी समस्याओं की चर्चा के लिए उन्हें वन विभाग के बंगले में बुलवाया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों और समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ उनकी मांगों पर चर्चा की। चोलानायक्कर आदिवासी समुदाय से मिलने के बाद कांग्रेस सांसद नीलांबुर सागौन डिपो पहुंची।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने डिपो का भ्रमण किया और वहां स्थित संग्रहालय की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इससे पहले दिन में प्रियंका ने नीलांबुर रेलवे स्टेशन का दौरा कर वहां जारी विकास कार्यों का जायजा लिया। दिन में उन्होंने वायनाड जिले के कोट्टियमवयाल में प्रस्तावित पडिंजराथरा-पूझीथोडु सड़क स्थल के अपने दौरे के बारे में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो भी पोस्ट किया।