IIT Bombay छात्र मौत मामला: प्रदर्शन कर रहीं Congress MP Varsha Gaikwad और NSUI कार्यकर्ता हिरासत में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 24, 2026

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले छात्र साहिल वाकोडे के परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए संस्थान के परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रहीं कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़, पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आईआईटी मुंबई में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र वाकोडे (22) को 18 सितंबर की शाम छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सांसद और महिला कार्यकर्ताओं सहित कई अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय थाने ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में गायकवाड़ ने सत्तारूढ़ पार्टी पर शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया और इस घटना को ‘‘संस्थागत हत्या’’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा और आरएसएस ने शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है और ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस मृतक छात्र के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और (पार्टी सांसद) राहुल गांधी ने उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।’’ किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संस्थान के प्रवेश द्वार के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावड़े और स्थानीय सहायक पुलिस आयुक्तों सहित वरिष्ठ अधिकारी स्थिति की समीक्षा करने के लिए मौके पर मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

Asian Games Men Hockey: भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से रौंदा, सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की

Asian Games 2026 Hockey में Indian Men Team की लगातार तीसरी जीत, South Korea को दी मात

Asian Games में Satnam Singh और Salman Khan ने नौकायन में जीता कांस्य पदक

एशियाई खेलों की Skeet Mixed Team में अनंतजीत और परिनाज ने जीता कांस्य पदक