मारक शक्ति वाले बयान पर बोली कांग्रेस, साध्वी प्रज्ञा खो बैठी हैं अपना मानिसक संतुलन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 26, 2019

भोपाल। भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के कथित ‘मारक शक्ति’ वाले बयान को कांग्रेस ने बेहद आपत्तिजक बताते हुए कहा कि प्रज्ञा सिंह अपना मानसिक संतुलन खो बैठी हैं और पागलखाना ही उनके लिये सही जगह है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने सांसद प्रज्ञा सिंह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘साध्वी प्रज्ञा का बयान बेहद आपत्तिजनक है। उनका ये कहना कि कांग्रेस मारक शक्तियों का उपयोग कर रही है, बीजेपी के नेताओं को मारने के लिये। यह अपने आप में दिखाता है कि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठी हैं। कभी वह गांधी जी के लिये अपशब्द कहती हैं, कभी नेहरु जी के लिये और हद हो गई जब उन्होंने कांग्रेस के लिये ऐसा कहा। उन्हें शीघ्र से शीघ्र इलाज की आवश्यकता है और पागलखाना ही उनके लिये सही जगह है।

इसे भी पढ़ें: बीजेपी नेताओं के निधन पर बोली प्रज्ञा ठाकुर, विपक्ष कर रहा है मारक शक्ति का प्रयोग

मालूम हो कि सोमवार सुबह प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बयान दिया कि भाजपा नेताओं को नुकसान पहुंचाने के लिये ‘‘विपक्ष मारक शक्ति का इस्तेमाल कर रहा है।’’ प्रज्ञा ने सोमवार सुबह प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित शोक सभा को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। प्रज्ञा ने कहा कि एक बड़ा कठिन समय चल रहा है। मैं जब चुनाव लड़ी, उस समय एक महाराज जी आये, उन्होंने मुझसे कहा, आप अपनी साधना को कम मत करना, साधना का समय बढ़ाते रहना, साधना कम मत करना क्योंकि बहुत बुरा समय है और जो विपक्ष है, कोई ऐसा कार्य कर रहा है, ऐसी ‘‘मारक शक्ति’’ का प्रयोग कर रहा है जो भारतीय जनता पार्टी पर कर रहा है और वह भारतीय जनता पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिये है। हालांकि शोक सभा के बाद संवाददाताओं के इस बारे में पूछने पर प्रज्ञा ने इस पर कुछ कहने से इंकार कर दिया।

प्रमुख खबरें

Jaipur Literature Festival में जुटेंगे Simi Garewal और Vishal Bhardwaj, 14 जनवरी से होगा आगाज

Spain Parliament ने बेदखली रोकने और Housing Reforms के नए नियमों को दी मंजूरी

NITI Aayog की रिपोर्ट: PLI Scheme के 70 प्रतिशत क्षेत्रों में तय लक्ष्यों के अनुसार प्रगति

Vivaan Kapoor ने ISSF विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत, भारत के लिए पक्का किया Olympic कोटा