By अंकित सिंह | Apr 26, 2022
पांच राज्यों में मिली चुनावी हार के बाद कांग्रेस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इन सबके बीच अनुशासनहीनता को लेकर पार्टी ने दो वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को कांग्रेस ने सभी पदों से हटाने का फैसला लिया है। इसके साथ ही उन्हें 2 साल के लिए निलंबित भी कर दिया गया है। दरअसल, सोनिया गांधी ने सुनील जाखड़ और केवी थॉमस को लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति का गठन किया था। इसी समिति ने सुनील जाखड़ के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की अनुशंसा पर मुहर भी लगा दी है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ने पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं सुनील जाखड़ और केवी थॉमस को, अनुशासनहीनता के आरोपों को लेकर गत 11 अप्रैल को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा था। थॉमस का जवाब मिल गया है, लेकिन जाखड़ की तरफ से जवाब नहीं आया। जाखड़ ने गत मंगलवार को कहा था कि उन्होंने पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की ओर से दिए गए ‘कारण बताओ’ नोटिस का जवाब नहीं दिया है और समिति को जो फैसला करना है, वह कर ले। सुनील जाखड़ पर विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देने तथा पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक टिप्पणी’ करने का आरोप है।