यति सत्यदेवानंद का विवादित बयान, बोले- भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनने से बचाने के लिए ज्यादा बच्चे पैदा करें हिंदू
By अंकित सिंह | Apr 18, 2022
यति नरसिंहानंद के बाद अखिल भारतीय संत परिषद के एक और संत ने विवादित बयान दे दिया है। दरअसल, विवादित बयान देने वाले संत का नाम है यति सत्यदेवानंद सरस्वती। हिमाचल प्रदेश के ऊना के मुबारकपुर में तीन दिवसीय धर्म संसद का आयोजन हुआ था। इसी धर्म संसद के पहले दिन यति सत्यदेवानंद ने विवादित बयान दे दिया। अपने बयान में यति सत्यदेवानंद ने भारत को इस्लामिक देश बनने से बचाने के लिए हिंदुओं को अधिक बच्चे पैदा करने की सलाह दे दी। अपने बयान में उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है और यहां हिंदू बहुसंख्यक है। लेकिन एक समुदाय के लोगों ने प्लानिंग के तहत कई बच्चों को जन्म देकर अपनी आबादी बढ़ा रहे हैं। अपने बयान में उन्होंने यह भी कहा कि देश में मुसलमानों की बढ़ती जनसंख्या हिंदुओं के पतन का संकेत दे रही है। हिंदुओं को अपने परिवारों को मजबूत करना चाहिए। उन्हें अपने परिवारों की रक्षा तथा मानवता और सनातन धर्म की रक्षा के लिए अधिक बच्चों को जन्म देना चाहिए। सरस्वती ने यह भी कहा कि जब एक समुदाय के लोग बहुसंख्यक हो जाएंगे तो भारत पड़ोसी देश पाकिस्तान जैसा इस्लामिक राष्ट्र बन जाएगा। इन सबके बीच हिमाचल प्रदेश पुलिस ने सरस्वती को एक नोटिस जारी किया है। नोटिस के मुताबिक उन्हें किसी भी धर्म के खिलाफ भड़काऊ भाषण नहीं देने को कहा गया है।