कोरोना: भारत में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 415 हुई, अधिकतर हिस्सों में लॉकडाउन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 23, 2020

नयी दिल्ली। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 415 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। देश के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को लॉकडाउन का खासा असर देखने को मिला। इस बीच केन्द्र सरकार ने वायरस पर नियंत्रण के लिये लागू पाबंदियों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। कोरोना वायरस से दुनियाभर में 14,500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में अब तक सात लोग जान गंवा चुके हैं। पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सोमवार को कर्फ्यू लागू कर दिया। ऐसा बड़ा कदम उठाने वाला देश का यह पहला राज्य है। अधिकारियों ने बताया कि लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे थे, इसलिए मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कर्फ्यू की घोषणा की। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी सेवाओं पर पाबंदी रहेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य सरकारों से यह सुनिश्चित करने के लिये कहा है कि लॉकडाउन के नियमों का सही ढंग से पालन हो रहा है क्योंकि उन्होंने ध्यान दिया है कि कुछ लोग इसका गंभीरता से पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने हिंदी में ट्वीट किया, लॉकडाउन को अभी भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया करके अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। राज्य सरकारों से मेरा अनुरोध है कि वो नियमों और कानूनों का पालन करवाएं। दिल्ली, झारखंड और नगालैंड ने राज्यव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की है, जबकि बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में कई जिलों में भी ऐसी ही घोषणा की जा चुकी है। महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान और उत्तराखंड सहित कई राज्य पहले ही आंशिक या पूर्ण लॉकडाउन घोषित कर चुके हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू और चेन्नई समेत देशभर के 80 जिलों में ट्रेन और अंतर-राज्यीय बस सेवाएं 31 मार्च तक निलंबित होने से लोगों की यात्रा और आवाजाही पर पाबंदी लगी है। केंद्र ने राज्य सरकारों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा है। सरकार के संचार विंग प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) ने ट्वीट किया, राज्यों से कहा गया है कि वे उन क्षेत्रों में लॉकडाउन को सख्ती से लागू करें, जहां इसकी घोषणा की गई है। उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। देश ने अलग-अलग हिस्सों से कोरोना वायरस से संक्रमण के 55 नए मामले सामने आए हैं, जिससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 415 हो गई है। इनमें से सात लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों में 41 विदेशी नागरिक हैं। गुजरात, बिहार और महाराष्ट्र में रविवार को एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कर्नाटक, दिल्ली, महाराष्ट्र और पंजाब ने चार लोगों की मौत की खबर दी है। 24 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। भाारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कहा कि सोमवार सुबह 10 बजे तक 18,383 नमूनों की जांच की जा चुकी है। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हुआ है कि नये मामले कहां से आए हैं। 

इसे भी पढ़ें: कोरोना वायरस के कारण कोई मैच नहीं होने से घक्का लगा: जेजे

प्रमुख खबरें

Manik Saha ने पूरा किया वादा: Judo Star Asmita Dey को मिला 10 लाख का Check और अगरतला में अपना घर

Commonwealth Fencing Championship: लागोस में Team India का दबदबा, तीसरे दिन 3 Gold समेत जीते 5 पदक

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका