कोरोना मरीजों को सस्ते उपचार देने के लिए महाराष्ट्र, गुजरात जैसे कई राज्यों ने किया निजी क्षेत्र के साथ समझौता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 16, 2020

नयी दिल्ली। कोविड-19 के रोगियों को उचित दर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और मध्य प्रदेश जैसे कुछ राज्यों ने निजी क्षेत्र के साथ समझौता किया है। यह जानकारी मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी होने की संभावना की खबरों के बीच मंत्रालय ने सोमवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा कि वे निजी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के साथ सक्रिय रूप से भागीदारी करें ताकि बिस्तरों की उपलब्धता में बढ़ोतरी हो और गंभीर रूप से बीमार लोगों का ठीक से इलाज किया जा सके। साथ ही उसने सेवा देने के लिए उचित और पारदर्शी शुल्क सुनिश्चित करने के लिए भी कहा था। 

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले मंगलवार को 3,43,091 पर पहुंच गये और अब तक मृतक संख्या 9,900 हो गयी है। मंत्रालय ने बताया कि कोविड-19 का पता लगाने के लिए जांच क्षमता लगातार बढ़ाई जा रही है और इसमें अभी प्रति दिन तीन लाख नमूनों की जांच की क्षमता है। मंत्रालय ने कहा कि अभी तक देश में 907 प्रयोगशालाओं का नेटवर्क तैयार किया गया है जिनमें 659 प्रयोगशालाएं सरकारी क्षेत्र की और 248 निजी क्षेत्र की हैं। इसने कहा कि आरटी-पीसीआर कोविड-19 का पता लगाने के लिए स्वर्ण मानक जांच है। 

इसे भी पढ़ें: दिल्ली सरकार ने अस्पतालों, प्रयोगशालाओं को दिया निर्देश, कहा- 48 घंटे में नमूनों का करे परीक्षण 

आईसीएमआर के अनुसार अभी तक कोविड-19 के लिए 59 लाख 21 हजार 69 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें एक लाख 54 हजार 935 नमूनों की जांच सोमवार को की गई है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दिल्ली में जांच क्षमता बढ़ाने के लिए सभी 11 जिलों में अब केवल संबंधित जिलों के नमूनों की ही जांच के लिए निर्दिष्ट प्रयोगशाला होगी।

प्रमुख खबरें

Kerala High Court का निर्देश: अदालतों और आयोगों को समय पर जरूरी बुनियादी ढांचा दे राज्य सरकार

Sunset Awe Effect: Sunset Awe बढ़ाता है एकाग्रता और Memory, अनिद्रा की समस्या से मिलेगी राहत

Nirmala Sitharaman पहुंचीं Singapore, वैश्विक निवेशकों के साथ करेंगी उच्चस्तरीय बैठकें

Karnataka में आइसक्रीम इकाइयों पर छापा, 70 नमूने जांच के लिए भेजे