By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 17, 2023
नयी दिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 89 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,81,233 हो गई। 27 मार्च 2020 के बाद से सामने आए ये सबसे कम दैनिक मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक 5,30,726 लोगों की जान गई है। संक्रमण की दैनिक दर 0.05 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.09 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 2,035 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है।
संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।