छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस पर होगा कोरोना योद्धाओं का सम्मान, मुख्यमंत्री 9 बजे करेंगे ध्वजारोहण

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 14, 2020

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर में ध्वजारोहण करेंगे तथा इस दौरान कोरोना योद्धाओं का सम्मान करेंगे। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके साथ तिरंगे को राष्ट्रीय धुन और गार्ड ऑफ ऑनर द्वारा सलामी दी जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री राज्य की जनता के नाम संदेश देंगे। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री राज्य के कोरोना योद्धाओं-चिकित्सकों, चिकित्साकर्मियों, पुलिसकर्मियों, सफाई कर्मचारियों तथा अन्य लोगों का सम्मान करेंगे। 

उन्होंने बताया कि जनपद पंचायत और तहसील स्तर पर सार्वजनिक समारोह आयोजित नहीं होंगे। जनपद पंचायत कार्यालयों में जनपद पंचायत अध्यक्ष और नगरीय निकायों में महापौर या अध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं पंचायत मुख्यालयों में सरपंच द्वारा तथा बड़े गांवों में गांवों के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को एकत्र नहीं किया जाएगा। अतिथि भी सीमित संख्या में आमंत्रित होंगे। इधर, राज्य में स्वतंत्रता दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 

इसे भी पढ़ें: J&K में साहस दिखाने वाले थलसेना के 3 और वायुसेना के एक कर्मी को शौर्य चक्र 

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गस्त बढ़ा दी गई है तथा अन्य राज्यों से लगने वाली सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। सुंदरराज ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के सामारोह शांतिपूर्ण तरीके से हो इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा बल के जवान लगातार गस्त पर हैं तथा संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। राज्य के दक्षिण में स्थित बस्तर क्षेत्र के सभी सात जिले बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा नक्सल प्रभावित हैं।

प्रमुख खबरें

Titan के नतीजों से Stock Market में धूम, Share रॉकेट बना, 35% बढ़ा Profit

Petrol-Diesel पर राहत की बड़ी कीमत, सरकारी Oil Companies को हर महीने ₹30 हजार करोड़ का घाटा

OpenAI विवाद में नया मोड़: Elon Musk की पार्टनर Shivon Zilis ने खोले निजी जिंदगी के पन्ने

Stock Market में Lenskart का बड़ा खेल, 5300 करोड़ के सौदे के बाद शेयर में आया 5% का उछाल