इंदौर में कोरोना संक्रमण से अब तक 95 लोगों की मौत, संक्रमितों की संख्या 2,100 के पार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 13, 2020

इंदौर। देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से तीन और मरीजों की मौत की पुष्टि की गयी है। इसके साथ ही, जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 95 पर पहुंच गयी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बुधवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 66 वर्षीय पुरुष, 52 वर्षीय महिला और 45 वर्षीय महिला ने यहां सोमवार को अलग-अलग अस्पतालों में आखिरी सांस ली। उन्होंने बताया कि कोविड-19 से दम तोड़ने वाले तीनों मरीज मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य पुरानी बीमारियों से पहले ही जूझ रहे थे। 

सीएमएचओ ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 91 और मरीज मिले हैं। इसके बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 2,016 से बढ़कर 2,107 पर पहुंच गयी है। हालांकि, इनमें से 988 मरीजों को इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। रेड जोन में शामिल इंदौर जिले में बुधवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.51 प्रतिशत दर्ज की गयी। पिछले 18 दिन से जिले में यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है। इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह