By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
केरलम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने लियोनेल मेसी के नेतृत्व वाली अर्जेंटीना फुटबॉल टीम को कोच्चि लाने की विफल कोशिश में हुई कथित अनियमितताओं के संबंध में राज्य के पूर्व खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान के खिलाफ ‘भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम’ के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने उस फाइल को मंजूरी दे दी है, जिसमें प्रस्तावित फुटबॉल आयोजन के लिए प्रायोजन व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से जुड़े मामले में अब्दुरहीमान को आरोपी बनाने की अनुमति मांगी गई थी।
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने पिछले महीने अब्दुरहीमान पर मुकदमा चलाने की अनुमति मांगने के लिए फाइल राज्यपाल के पास भेजी थी। केरलम की पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने पिछले साल राज्य में अर्जेंटीना की टीम के साथ एक फुटबॉल मैच आयोजित करने की कोशिश की थी। सतीशन के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार की ओर से मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी प्रस्तावित कार्यक्रम को प्रायोजित करने वाली कंपनी और उसके प्रबंध निदेशक के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज कर चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले की पड़ताल के तहत हाल ही में अब्दुरहीमान से पूछताछ की थी, जिससे यह पता चलने का दावा किया गया कि प्रायोजक कंपनी चुनने की पहल पूर्व मंत्री ने ही की थी। अधिकारियों ने बताया कि जांच में कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रायोजक कंपनी को दी गई सुविधाओं में कथित अनियमितताएं भी पाई गईं, जिनमें कोच्चि स्थित जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम (जो ग्रेटर कोचीन विकास प्राधिकरण के स्वामित्व में है) को कंपनी को सौंपना भी शामिल है। उन्होंने बताया कि एसआईटी ने अपनी जांच के आधार पर सतीशन को एक रिपोर्ट सौंपी, जिसमें अब्दुरहीमान को मामले में आरोपी बनाने की सिफारिश की गई।
अधिकारियों के अनुसार, चूंकि अब्दुरहीमान पिछली एलडीएफ सरकार में मंत्री रह चुके थे, इसलिए मुख्यमंत्री ने राज्यपाल की मंजूरी लेने के लिए फाइल लोक भवन भेज दी। उन्होंने बताया कि सतीशन ने एसआईटी को मामले में अब्दुरहीमान के निजी सचिव सत्यपालन और केरलम राज्य खेल परिषद के पूर्व अध्यक्ष यू. शराफ अली को भी आरोपी बनाने की अनुमति दे दी थी। सूत्रों ने बताया कि एसआईटी ने सत्यपालन और अली के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम का केरलम दौरा रद्द होने के संबंध में राज्य के खेल मंत्री ओ. जे. जनीश ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि इस मामले में धन जुटाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली एलडीएफ सरकार, तत्कालीन खेल मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, सभी ने इस कदम का समर्थन किया था।