By रेनू तिवारी | Mar 10, 2022
पिछले दिनों भारत के पांच बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं जिसके नतीजें आज आने वाले हैं। उत्तराखंड में चुनाव की गिनती शुरू हो गयी हैं और शुरूआती रुझानों को देखते हुए उत्तराखंड में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों पार्टियों के बीच केवल एक-दो ही सीट का फासला है। कभी कांग्रेस लीज कर रही हैं तो कभी बीजेपी लेकिन कुछ ही देर में तस्वीरें साफ हो जाएंगी। कांटे की टक्कर को देखते हुए मतगणना केंद्रों पर भी सुरक्षा चाक चौबंद की गयी है ताकि किसी तरह की कोई अफवाह के फैलने पर स्थिति खराब न हो। मतदान केंद्रों पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। एसएसपी जनमेजय खंडूरी के बयान के अनुसार उत्तराखंड के देहरादून में वोटों की गिनती जारी है। अभी पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है। यहां करीब 550 पुलिसकर्मी तैनात हैं। मतगणना केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित है। अनुमति लेकर ही विजय रैलियां हो सकती है।
इनमें विशेष रूप से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस महासचिव हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और आप के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी कर्नल (सेवानिवृत्त)अजय कोठियाल की सीटों के चुनावी परिणामों पर सबकी निगाह रहेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि पिछले विधानसभा चुनावों में 70 में से 57 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त करने वाली भाजपा इस बार अपने 60 पार के लक्ष्य को हासिल कर पाती है या सत्ता विरोधी लहर पर सवार कांग्रेस सत्ता में वापसी करती है। हालांकि, त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में निर्दलीयों और छोटे दलों के प्रत्याशियों की पौ-बारह होने की संभावना है।