Kulgam में CRPF चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, गोलीबारी में 3 जवान जख्मी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को मोटरसाइकिल सवार दो आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की जांच चौकी पर गोलीबारी की जिसमें तीन जवान घायल हो गये और इनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने फरार हुए हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि यह हमला अपराह्न लगभग दो बजकर 15 मिनट पर मीर बाजार के निकट हुआ, जो यहां से लगभग 75 किलोमीटर दूर है और कड़ी सुरक्षा वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से केवल एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि घायल जवानों को हमले वाली जगह से लगभग 22 किलोमीटर दूर अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक जवान के पेट में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर है, जबकि अन्य दो अपेक्षाकृत मामूली रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि गोली एक जवान की बांह में लगी, जबकि दूसरे के पैर में लगी है। घटनास्थल के वीडियो में घायल जवानों को स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाते और चिकित्साकर्मियों को उनकी मदद के लिए तेजी से पहुंचते देखा गया।

जांचकर्ता इलाके की दुकानों समेत विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाल रहे हैं और हमलावर कहां से आए थे, इसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। फुटेज में दुकानें बंद दिखाई दे रही हैं। इसमें गोलियों की ताबड़तोड़ आवाज और कुछ लोगों के चिल्लाने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं।

हमले के तुरंत बाद इलाके में अतिरिक्त अवरोधक लगाए गए। एंबुलेंस के सायरन बजने और लाउडस्पीकर से स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने की अपील किए जाने के बीच अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गये। घटनास्थल के पास बख्तरबंद वाहनों में सुरक्षा कर्मियों को भी देखा गया।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी कुलगाम में मौजूद थे, लेकिन वह हमले वाली जगह के निकट नहीं थे। यह इलाका पीर पंजाल पर्वतमाला के नजदीक स्थित है, जो कुलगाम को जम्मू संभाग के रामबन, रियासी और राजौरी जिलों से जोड़ती है। गत 31 जुलाई को कुलगाम में एक ईंट भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या कर दी गई थी।

जुलाई में ही आतंकवादियों ने पड़ोसी अनंतनाग शहर में एक पुलिसकर्मी की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी।

प्रमुख खबरें

भारतीय मूल के CFO Krishna Rao की Anthropic में हिस्सेदारी 703 मिलियन डॉलर तक पहुंची

सोनिया गांधी के दावों पर Anna Hazare का पलटवार, बोले- भाजपा और संघ से मेरा कोई संबंध नहीं

Bay of Bengal में निम्नदाब का खतरा, तमिलनाडु सरकार ने मछुआरों को 12 नवंबर तक लौटने को कहा

Sachin Tendulkar अपने 26 ऐतिहासिक बल्ले और जर्सी MCA Museum को करेंगे भेंट