Sachin Tendulkar अपने 26 ऐतिहासिक बल्ले और जर्सी MCA Museum को करेंगे भेंट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 11, 2026

 महान भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपने करियर के 26 खास बल्ले मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय को भेंट करेंगे। इन बल्लों में वे बल्ले भी शामिल हैं, जिनसे सचिन ने अपने 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों में से कई यादगार शतक जड़े थे। बल्लों के अलावा उनके हेलमेट, जर्सी और करियर के महत्वपूर्ण पलों से जुड़े निजी नोट्स सहित कई अन्य यादगार वस्तुएं भी संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएंगी।

 इन अनमोल धरोहरों की प्रदर्शनी का अनावरण 16 नवंबर को एक विशेष समारोह में किया जाएगा। ‘बैटोग्राफी’ नाम से आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से सचिन तेंदुलकर के शानदार क्रिकेट सफर को उनके करियर के विभिन्न दौर में इस्तेमाल किए गए बल्लों के जरिए दर्शाया जाएगा। 

प्रदर्शनी का अनावरण तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की 13वीं वर्षगांठ के अवसर पर होगा। उन्होंने 16 नवंबर 2013 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर करियर का 200वां और आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इसी के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। 

एमसीए संग्रहालय में तेंदुलकर के नाम से समर्पित यह विशेष खंड क्रिकेट प्रेमियों को उनके करियर के ऐतिहासिक क्षणों और उपलब्धियों को करीब से जानने का मौका देगा। यहां प्रदर्शित क्रिकेट उपकरणों और निजी यादगार वस्तुओं के माध्यम से प्रशंसक उन खास लम्हों को फिर से महसूस कर सकेंगे जिसने तेंदुलकर को क्रिकेट जगत में एक अलग पहचान दिलाई। 

एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, ‘‘ ‘बैटोग्राफी’ के माध्यम से हम एमसीए संग्रहालय में एक अनूठा आयाम जोड़ रहे हैं। इसके जरिए दर्शक उन उपलब्धियों के पीछे की कहानी को उन वास्तविक साधनों के माध्यम से जान सकेंगे, जिनसे ये ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की गई थीं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘सचिन (तेंदुलकर) ने अपनी इन बेशकीमती धरोहरों को एमसीए के साथ साझा करने का फैसला किया, यह हमारे लिए बेहद सम्मान की बात है। इससे उनकी असाधारण विरासत आने वाली पीढ़ियों के क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी सुलभ बनी रहेगी।’’ इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारतीय और विश्व क्रिकेट में तेंदुलकर के अतुलनीय योगदान को सहेजना, सम्मान देना और उनकी क्रिकेट विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

प्रमुख खबरें

भारतीय मूल के CFO Krishna Rao की Anthropic में हिस्सेदारी 703 मिलियन डॉलर तक पहुंची

सोनिया गांधी के दावों पर Anna Hazare का पलटवार, बोले- भाजपा और संघ से मेरा कोई संबंध नहीं

Bay of Bengal में निम्नदाब का खतरा, तमिलनाडु सरकार ने मछुआरों को 12 नवंबर तक लौटने को कहा

Kulgam में CRPF चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, गोलीबारी में 3 जवान जख्मी