मजबूत संगठन, गरीब हितैषी योजनाओं और विकास के मुद्दे पर जीतेंगे दमोह उप चुनाव: वीडी शर्मा

By दिनेश शुक्ल | Apr 02, 2021

कटनी। कमलनाथ सरकार ने अपने 15 महीनों के कार्यकाल में गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद कर दिया था। प्रदेश के गरीबों से उनका हक छीन लिया था। उनके इस हक को लौटाने का काम शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। हम अपने हमेशा तैयार रहने वाले कार्यकर्ताओं, संगठन की मजबूती, प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई गरीब कल्याण की योजनाओं और विकास के मुद्दे पर यह उपचुनाव जीतेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को कटनी में  पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

 

इसे भी पढ़ें: सबूत के साथ माफियाओं की सूची दूंगा, क्या प्रशासन हिम्मत दिखाएगा : लक्ष्मण सिंह

हमेशा तैयार रहता है हमारा कार्यकर्ता

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश में 17 अप्रैल को एक उपचुनाव होने वाला है, जिसकी तैयारी की दृष्टि से पार्टी का संगठन बहुत पहले से सक्रिय है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित दल है और पार्टी का कार्यकर्ता 365 दिन तैयार और तत्पर रहता है। इसीलिए हम एक लाइव ऑर्गनाइजेशन हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि हम पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं और हमारे कार्यकर्ताओं ने दमोह उपचुनाव में प्रत्येक बूथ जीतने का संकल्प लिया है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की 28 विधानसभाओं में हुए उप चुनाव में जनता का अपार समर्थन पार्टी को प्राप्त हुआ है और यही समर्थन दमोह उपचुनाव में भी मिलेगा।

 

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में आग से कई जिलों में फसलें नष्ट, कांग्रेस ने की सरकार से नुकसान भरपाई की माँग

कटनी जिले को भी मिलेगा केन-बेतवा परियोजना का लाभ

शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड में केन-बेतवा लिंक परियोजना का सपना स्व. अटलजी ने देखा था, जिसे साकार  करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी ने किया है। शर्मा ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड की लाखों हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी और 62 लाख लोगों तक पीने का पानी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बुंदेलखंड के अन्य जिलों के साथ-साथ कटनी जिले का कुछ हिस्सा भी लाभान्वित होगा और पानी की समस्या हल होगी।  

 

इसे भी पढ़ें: बंगाल में दोस्ती, केरल में कुश्ती कांग्रेस और लेफ्ट का यह रिश्ता क्या कहलाता है- शिवराज सिंह चौहान

जनता के बीच जाकर मनाएंगे पार्टी का स्थापना दिवस और बाबा साहब की जयंती

शर्मा ने कहा कि 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है और 14 अप्रैल को डां. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती है। इन दोनों ही अवसरों पर अपनी सामाजिक भूमिका की दृष्टि से हम सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक एक्टीविटी करेंगे। प्रत्येक बूथ पर जाकर हितग्राहियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे। पार्टी के स्थापना दिवस पर देश और प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पं. दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की थीम होगी और हम अपनी पार्टी के इतिहास तथा विकास को जनता के बीच ले जाएंगे। इसी तरह बाबा साहब अंबेडकर जी की जयंती पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रमों में से एक है और पार्टी कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ डॉ. अंबेडकर जी की जयंती मनाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता सेवा बस्तियों में जाकर कार्यक्रम करेंगे और डॉ. अंबेडकर जी के व्यक्तित्व,  कृतित्व और उनके विचारों को जनता के बीच ले जाएंगे।

 

इसे भी पढ़ें: भाजपा सरकार के आदेश भी शिवराज जी की घोषणाओं की तरह, कहना कुछ और करना कुछ - जीतू पटवारी

मिलकर काम कर रहे नेतृत्व और जनप्रतिनिधि

वीडी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन का आधार मंडल और बूथ इकाइयां हैं। इन्हें किस तरह से और मजबूत बनाया जाए? एक पद्धति के आधार पर संगठन के तंत्र को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इस पर हमारा नेतृत्व और जनप्रतिनिधि मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकारों द्वारा किए जा रहे कार्यों को हमारे कार्यकर्ता पूरी गंभीरता के साथ धरातल पर उतारने का काम कर रहे हैं। इससे जनता का विश्वास का पार्टी को मिल रहा है।