Madhya Pradesh के Datia By-Election में 71.44 प्रतिशत मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026

मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान 71.44 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के बाद सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है, लेकिन चुनाव परिणाम तीन अगस्त को मतगणना के बाद स्पष्ट होंगे।

कुल 71.44 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।’’ वानखड़े ने बताया कि कहीं से कोई शिकायत या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया सीट पर अब तक का सर्वाधिक 80.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। वानखड़े ने बताया कि सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को सशस्त्र सुरक्षाबलों की निगरानी में पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है।

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। उन्होंने फर्जी मतदान की शिकायतों को भी खारिज किया। हालांकि उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के बसई इलाके में सड़क की मांग को लेकर मतदान बहिष्कार का एक मामला सामने आया था, जिसे प्रशासन ने लोगों को समझाकर समाप्त करा दिया।

इसके बाद संबंधित मतदान केंद्र पर भी सफलतापूर्वक मतदान हुआ। अधिकारियों के अनुसार, दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 2,20,344 मतदाता 21 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 186 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में और 105 शहरी क्षेत्रों में थे।

कुल मतदाताओं में 1,16,088 पुरुष और 1,04,246 महिलाएं शामिल हैं। मतदान को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे। सुरक्षा के लिए केंद्रीय और राज्य बलों की 16 कंपनियां तैनात की गई थीं।

शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के लिए नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया था। पुलिस ने दूसरे जिलों से लगी सीमाओं पर भी सघन जांच अभियान चलाया। इस बीच, कांग्रेस ने मतदान के दौरान सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि रामसागर के मतदान केंद्र क्रमांक 51 से कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बिना कारण बताए पुलिस अपने साथ ले गई, ताकि निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो सके। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इन आरोपों के बारे में पूछे जाने पर जिलाधिकारी वानखड़े ने कहा कि किसी भी पोलिंग एजेंट के साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र से कुछ दूरी पर खड़े कुछ लोगों को हटाया गया था, जिनमें भाजपा और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी शामिल थे। दतिया सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है। आजाद समाज पार्टी ने दामोदर सिंह यादव को मैदान में उतारा है, जो मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

इनके अलावा 18 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के बाद सभी प्रमुख उम्मीदवारों ने अपनी जीत का दावा किया। पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी मतदान किया और भाजपा उम्मीदवार की जीत का विश्वास जताया।

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद कहा कि उन्हें क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और कांग्रेस की जीत निश्चित है। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और कहा कि जनता विकास एवं सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी। आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मतदान शांतिपूर्ण रहा।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि लोकतंत्र की जीत के लिए कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता मैदान में डटे हैं और दतिया ने ‘‘सरकारी अराजकता’’ का जवाब देने का मन बना लिया है। इस उपचुनाव के परिणाम का राज्य सरकार की स्थिरता पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन भाजपा द्वारा पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के कारण दतिया सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। भाजपा ने इस बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है।

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था। हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी।

प्रमुख खबरें

Faridabad murder: अनंगपुर में मिला पेंटर का शव, प्रेमिका के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

Commonwealth Games shotput: तेजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप गिल पदक से चूके

Jaipur में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े NSUI कार्यकर्ता

PM-SHRI scheme पर Kerala सरकार जनता को गुमराह कर रही, वाम दलों का आरोप