कोझिकोड। केरल में मानसून के आगमन के बाद वर्षा जनित घटनाओं में मृतकों की संख्या 45 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि कटिपारा में भूस्खलन के बाद मलबे से डेढ़ वर्षीया रीफा मरियम का शव मिला। वडाकरा तालुक में अभिनव (17) अचानक आयी बाढ़ की चपेट में आ गया। भूस्खलन में मरियम की मां के भी लापता होने की खबर है। मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने जान-माल का नुकसान झेलने वाले परिवारों को मुआवजा राशि देने को कहा है।
तिरूवनंतपुरम में जिलाधिकारी कार्यालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया। राज्य के मंत्री टी पी रामकृष्णन और ए के शशींद्रण ने कोझिकोड जिले में प्रभावित इलाके का दौरा किया। दमकल और बचाव दल तथा पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।