टीम इंडिया ने बांग्लादेश को हराकर जीती सीरीज, दीपक चाहर ने ली हैट्रिक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 11, 2019

नागपुर। दीपक चाहर ने हैट्रिक सहित छह विकेट लिये जिससे भरत ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी शानदार वापसी करके बांग्लादेश को तीसरे और निर्णायक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रविवार को यहां 30 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-1 से जीती।

इसे भी पढ़ें: दोहरे शतक के बाद रोहित शर्मा ने ICC टेस्ट रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग

मोहम्मद नईम (48 गेंदों पर 81 रन) और मोहम्मद मिथुन (29 गेंदों पर 27 रन) ने तीसरे विकेट के लिये 98 रन जोड़कर टीम इंडिया की पेशानी पर बल ला दिये थे लेकिन चाहर (3.2 ओवर में सात रन देकर छह विकेट) और शिवम दुबे (30 रन देकर तीन) ने टीम को अच्छी वापसी दिलायी और बांग्लादेश को 19.2 ओवर में 144 रन पर ढेर कर दिया। बांग्लादेश ने अंतिम आठ विकेट 34 रन पर गंवाये। चाहर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का नया रिकार्ड बनाया।

टीम इंडिया ने दिल्ली में पहला मैच गंवाने के बाद राजकोट में दूसरा मैच जीतकर वापसी की थी। अब इन दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी। चाहर ने पारी के तीसरे ओवर में लगातार गेंदों पर लिट्टन दास (नौ) और सौम्या सरकार (शून्य) को आउट करके टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलायी। वाशिंगटन सुंदर ने सीमा रेखा पर लिट्टन का खूबसूरत कैच लपका जबकि सरकार ने आते ही ढीला शाट खेला। 

इसे भी पढ़ें: ऋद्धिमान साहा ने कहा- मेरे और पंत के बीच हैं अच्छी समझ

बीस वर्षीय बल्लेबाज नईम ने युजवेंद्र चहल पर तीन और शिवम दुबे पर दो चौके लगाने के बाद सुंदर की गेंद छह रन के लिये भेजी। इसी आफ स्पिनर की गेंद पर चौका जड़कर उन्होंने 34 गेंदों पर अपने टी20 करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। इस बीच मिथुन ने भी सुंदर पर छक्का लगाया। भारतीय क्षेत्ररक्षण भी इस बीच अच्छा नहीं रहा और चहल ने नईम को रन आउट करने का आसान मौका छोड़ा। चहल बीच के ओवरों में नहीं चल पाये। नईम ने उन्हें आसानी से खेला जिससे रोहित शर्मा की परेशानी बढ़ गयी थी।

ऐसे में चाहर ने अपने दूसरे स्पैल में मिथुन को आउट करके नईम के साथ उनकी साझेदारी तोड़ी जबकि दुबे ने अगले ओवर की पहली गेंद पर अनुभवी मुशफिकुर रहीम (शून्य) को बोल्ड करके भारत की उम्मीद बढ़ायी। मध्यम गति के इस गेंदबाज ने यार्कर पर नईम का कीमती विकेट भी निकाला जिन्होंने अपनी पारी में दस चौके और दो छक्के लगाये। दुबे ने अफीफ हुसैन को भी आते ही पवेलियन की राह दिखायी। दुबे ने अपने आखिरी दो ओवर में आठ रन देकर तीन विकेट लिये। चहल ने कप्तान महमुदुल्लाह को बोल्ड करके बांग्लादेश की रही सही उम्मीद भी समाप्त कर दी।

इसे भी पढ़ें: कोहली और रोहित के बिना टीम इंडिया ने किया अभ्यास, डुप्लेसी बोले- रांची का विकेट स्पिन लेगा

दीपक चाहर ने शफीउल इस्लाम, मुस्ताफिजुर रहमान और अमीनुल इस्लाम बिप्लव को आउट करके हैट्रिक पूरी की। इससे पहले भारत ने टास गंवाया और फिर पावरप्ले में दोनों सलामी बल्लेबाज भी गंवा दिये जिन्होंने पिछले मैच में शतकीय साझेदारी निभाकर टीम को शानदार शुरुआत दिलायी थी। रोहित शर्मा (दो) दूसरे ओवर में शफीउल इस्लाम की गेंद अपने विकेटों पर खेल गये। यह ओवर मेडन भी रहा। 

शिखर धवन (19) पर अब बड़ी जिम्मेदारी थी लेकिन बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में शफीउल की धीमी गति की गेंद को हवा में लहरा दिया जिसे महमुदुल्लाह ने खूबसूरती से कैच में बदला। जल्द ही भारत का तीसरा विकेट भी गिर जाता लेकिन नये बल्लेबाज अय्यर का भाग्य ने साथ दिया जिनका अमीनुल इस्लाम बिप्लव ने आसान कैच टपकाया।

इसे भी पढ़ें: पूनम राउत के शानदार अर्धशतक के दम पर टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराया

राहुल ने शफीउल पर लगातार दो चौके जड़कर शुरुआत की और इसके बाद भी गेंद को सीमा रेखा तक पहुंचाकर पारी संवारने का बीड़ा उठाये रखा। उन्होंने 33 गेंदों पर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके तुरंत बाद अल अमीन हुसैन (22 रन देकर एक) की धीमी लेग कटर पर मिड आफ पर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाये।

इस बीच अय्यर ने बिप्लव पर पारी का पहला छक्का लगाया और फिर सौम्या सरकार की गेंद भी छह रन के लिये भेजी लेकिन वह आफ स्पिनर अफीफ हुसैन थे जिन पर उन्होंने लगातार तीन गगनदायी छक्के जड़कर भारतीय रन गति को पंख लगाये। अय्यर ने 27 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। ऋषभ पंत (नौ गेंदों पर छह रन) फिर से नाकाम रहे। सरकार ने उन्हें बोल्ड करने के बाद इसी ओवर में अय्यर की आकर्षक पारी का भी अंत किया। मनीष पांडे (13 गेंदों पर नाबाद 22) और शिवम दुबे (आठ गेंदों पर नाबाद नौ) डेथ ओवरों में अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाये। बांग्लादेश के लिये सौम्या सरकार (29 रन देकर दो) और शफीउल इस्लाम (32 रन देकर दो) सबसे सफल गेंदबाज रहे। 

प्रमुख खबरें

Kerala Election में FCRA-CAA बने बड़े मुद्दे, 45% वोटरों पर LDF और UDF की सीधी नजर

Iran 10 Point Conditions On Ceasefire: ईरान की कौन सी 10 बड़ी शर्तें मान गया अमेरिका? तेहरान ने कहा बड़ी जीत, देखें लिस्ट

RBI MPC Meeting | वित्त वर्ष 2026-27 में 6.9% रहेगी भारत की विकास दर, पश्चिम एशिया संकट बना बड़ी चुनौती

Kerala Elections 2026: Kerala की सबसे Hot Seat Nemom का कौन होगा सिकंदर? LDF, UDF और BJP में कांटे की टक्कर