केरल में जी20 शेरपा बैठक, अन्य कार्यक्रमों को लेकर प्रतिनिधि उत्साहित

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 30, 2023

नीदरलैंड की एक महिला राजनयिक अपने देश से हजारों मील दूर समुद्र तल से काफी नीचे स्थित केरल के इस सुंदर गांव में एक सुंदर झील के किनारे एक रिसॉर्ट में रखी एक साइकिल को देखकर उत्साहित थीं। इस गांव में दूसरी जी20 शेरपा बैठक के इतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साइकिल को एक स्क्रीन के सामने रखा गया था जो कोविन को प्रदर्शित करने के लिए लगाया गया था। कोविन इस बात का एक शक्तिशाली उदाहरण है कि कैसे डिजिटल तकनीक सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का विस्तार कर सकती है।

इससे सार्वजनिक सेवाओं के लिए डिजिटल तकनीक में लगातार प्रगति कर रहे दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश भारत की प्रगति की झलक दिखाई देती है। राजनयिक ने जैसे ही खड़ी हुई साइकिल के पैडल पर पैर रखा, स्क्रीन पर भारत की आकर्षक कहानी प्रदर्शित हुई। भारत 20 मार्च, 2023 तक 1.1 अरब पंजीकृत व्यक्तियों को कोविड रोधी टीके की 2.2 अरब खुराक दे चुका है। साइकिल चलाना नीदरलैंड के जीवन का हिस्सा है और वहां के लोगों के लिए यह परिवहन का एक बहुत ही देशभक्तिपूर्ण साधन है।

उन्होंने पीटीआई-से कहा, मैंने साइकिल चलाने का प्रयोग किया। एक डच महिला के रूप में, मुझे साइकिल चलाना बहुत पसंद है। प्रतिनिधियों को भारत की सफलता की कहानी सुनाने के लिए नियुक्त युवा चिकित्सक डॉ. कल्याणी राजू ने कहा कि डच प्रतिनिधि ने वास्तव में साइकिल के पैडल चलाने का आनंद लिया और प्रस्तुति को गौर से देखा। उन्होंने 16 जनवरी, 2021 को राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोविन का अनावरण किए जाने के बाद राष्ट्र की ऐतिहासिक उपलब्धि के बारे में प्रतिनिधियों को सूचित किया।

दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की कहानी सुनाते हुए भारत के शेरपा अमिताभ कांत ने प्रतिनिधियों को बताया कि भारत का टीकाकरण अभियान पूरी तरह से कागज रहित है। नीदरलैंड की राजनयिक ने कहा कि भारत जैसे देश के लिए डिजिटलीकरण बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, नीदरलैंड दुनिया का सबसे डिजिटल देश है। इसलिए, हम वास्तव में इस विषय को पसंद करते हैं ...। इस वर्ष जी20 की अध्यक्षता के साथ, भारत ने आगामी जी20 शिखर सम्मेलन के लिए प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी), विशेष रूप से स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे उद्देश्यों को प्राप्त करने की दिशा में अपनी प्रगति को लेकर एक त्वरित और समावेशी मार्ग सूचीबद्ध किया है।

प्रमुख खबरें

Air Force ने गंभीर रूप से बीमार दो मरीजों को हवाई मार्ग के जरिए लेह से चंडीगढ़ पहुंचाया

UP: अमेठी में दो बाइक की टक्कर में भाई-बहन की मौत, तीन अन्य घायल

हिंदू युवा वाहिनी के एक पूर्व जिलाध्यक्ष ने राष्ट्रपति से मांगी परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति

भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री Srinivas Prasad का निधन