By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 13, 2024
नयी दिल्ली। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने सर्विकल कैंसर (गर्भाशय की ग्रीवा का कैंसर) के लिए किफायती एचपीवी परीक्षण विधि विकसित करने के वास्ते शुक्रवार को एक बहु-केंद्रीय अध्ययन शुरू किया। एम्स ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ‘इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च इन कैंसर’ (आईएआरसी) और ‘डीबीटी-बीआईआरएसी ग्रैंड चैलेंजेज इंडिया’के सहयोग से इसे शुरू किया है।
‘ग्लोबोकैन 2022’ के अनुसार दुनिया भर में अनुमानित तौर पर 6,63,301 महिलाओं में सर्विकल कैंसर का पता चला और लगभग 3,48,874 महिलाओं की इस बीमारी से मृत्यु हो गई। इसके 80 फीसदी मरीज भारत जैसे निम्न-मध्यम आय वाले देशों में हैं। डॉ. भाटला ने कहा कि भारत में प्रति वर्ष सर्विकल कैंसर के लगभग 1,27,526 नए मामले आते हैं और इससे हर साल 79,906 मौतें होती हैं।