Delhi Air Quality: इस साल 10 वर्षों में सबसे बेहतर रही हवा, Manjinder Singh Sirsa का दावा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को दावा किया कि इस साल शहर की वायु गुणवत्ता पिछले 10 वर्षों के मुकाबले बेहतर रही है। उन्होंने इसका श्रेय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए लगातार किए गए उपायों को दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और परिवहन मंत्री पंकज सिंह के साथ बैठक करने तथा शास्त्री पार्क स्थित एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) का दौरा करने के बाद सिरसा ने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष ने पिछले एक साल में दिल्ली सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की है।

सिरसा ने कहा कि इस साल अब तक दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार नहीं पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में नवंबर के दौरान चार से छह दिन ऐसे रहे हैं, जब एक्यूआई 400 से अधिक दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि नवंबर का पहला पखवाड़ा ऐतिहासिक रूप से दिल्ली में वायु प्रदूषण के लिहाज से सबसे खराब अवधियों में से एक रहा है, लेकिन इस साल सरकार औसत एक्यूआई को कम करने में सफल रही है।

सिरसा ने कहा कि अक्टूबर भी वायु गुणवत्ता के लिहाज से बेहतर प्रदर्शन करने वाले महीनों में शामिल रहा। उन्होंने कहा कि सरकार खराब वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या कम करने और स्वच्छ हवा वाले दिनों की संख्या बढ़ाने में सफल रही है। उन्होंने कहा, ये स्तर संतोषजनक नहीं हैं, लेकिन दो साल के लगातार प्रयासों के बाद हम दिल्लीवासियों को पिछले 10 वर्षों के मुकाबले बेहतर हवा उपलब्ध कराने में सफल रहे हैं।

हमारा लक्ष्य अगले साल इसमें और सुधार करना है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए सिरसा ने कहा कि सड़कों की यांत्रिक सफाई के लिए पाली की संख्या दोगुनी कर दी गई है और प्रतिदिन करीब 4,000 किलोमीटर सड़कों की सफाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि खुले में कचरा और अन्य सामग्री जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं।

इसके अलावा, गैर-अनुरूप क्षेत्रों में संचालित करीब 12,000 प्रदूषणकारी औद्योगिक इकाइयों को हटाया गया है। मंत्री ने कहा कि एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) के जरिये प्रदूषण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नजर रखी जा रही है। इनमें एक्यूआई में बढ़ोतरी, आग लगने की घटनाएं, यातायात जाम और स्थानीय स्तर पर निर्माण गतिविधियां शामिल हैं।

समस्याओं के समाधान के लिए टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। सिरसा ने कहा कि सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और शहर के कूड़े के ढेर वाले स्थलों पर वर्षों से जमा कचरे को हटाने जैसे उपायों के जरिये वायु गुणवत्ता में क्रमिक सुधार का लक्ष्य लेकर चल रही है। यमुना की सफाई और कूड़े के पहाड़ हटाने के काम में प्रगति का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों में करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

पराली जलाने के मुद्दे पर सिरसा ने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता फसल अवशेषों में आग लगाने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने दावा किया कि किसानों ने भी ऐसी घटनाओं की शिकायत की है। उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर 2,100 किसानों के खिलाफ मामले दर्ज कराने का भी आरोप लगाया और कहा कि किसानों को अनुचित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।

दिल्ली में हाल में इमारत ढहने की घटना के बारे में पूछे जाने पर सिरसा ने आरोप लगाया कि पिछले 10-11 वर्षों में बनी कई इमारतें अवैध हैं और उनके पास स्वीकृत भवन योजना तथा अन्य अनिवार्य मानकों का पालन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी इमारतों के बारे में आंकड़े जुटा रही है और इस प्रक्रिया में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन इमारतें ढहने की घटनाओं को लेकर चिंतित है।

प्रमुख खबरें

शी चिनफिंग और पुतिन से मिलने चीन पहुंचे Donald Trump, घरेलू तकनीकी बाधाओं से बढ़ी चिंता

Videocon लोन केस में चंदा कोचर को राहत, Bombay High Court ने रद्द की केस चलाने की मंजूरी

प्रदर्शनों से कारोबार प्रभावित, व्यापारियों की अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट का CJP, कांग्रेस, AAP-AISA को नोटिस

APEC Summit में मिले Donald Trump और Vladimir Putin, गर्मजोशी से मिलाया हाथ