पासपोर्ट मामले में Sushil Ansal को झटका, दिल्ली कोर्ट ने खारिज की याचिका

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को उपहार अग्निकांड के दोषी सुशील अंसल की पुनरीक्षण याचिका खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने पासपोर्ट के नवीनीकरण के लिए आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाने और गलत घोषणापत्र देने के आरोपों से जुड़े एक अलग मामले में मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी थी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह ललर ने कहा, ‘‘याचिका खारिज की जाती है।’’ मजिस्ट्रेट अदालत ने पिछले साल दिसंबर में अंसल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 177 (लोक सेवक को गलत जानकारी देना) और 181 (शपथ पर गलत बयान देना) तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 (पासपोर्ट से संबंधित अपराध) के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया था। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 2019 में अंसल के खिलाफ गलत जानकारी देने के आरोप में मामला दर्ज किया था।

उन्होंने 1997 के उपहार सिनेमा अग्निकांड में अपनी दोषसिद्धि की जानकारी नहीं दी थी। उच्चतम न्यायालय ने अंसल बंधुओं गोपाल और सुशील को 13 जून 1997 को फिल्म ‘‘बॉर्डर’’ के प्रदर्शन के दौरान सिनेमाघर में लगी आग के मामले में लापरवाही के कारण मौत का दोषी ठहराया था। इस हादसे में 59 लोगों की जान चली गई थी।

दोनों भाइयों ने इस मामले में एक-एक साल की सजा काटी थी। एक साल की जेल की सजा के अलावा उच्चतम न्यायालय ने दोनों भाइयों पर 60 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इस राशि का इस्तेमाल राष्ट्रीय राजधानी में एक ट्रॉमा सेंटर बनाने के लिए किया जाना था।

प्रमुख खबरें

Sonam Wangchuk ने Leh में कहा- Court पहुंचने के बाद हटाई गईं पुलिस पाबंदियां

एक साल पहले मैंने कहा था गोल्ड मत खरीदो, देश के पैसे बच गए, सोने की कीमतों में गिरावट को लेकर लखनऊ से PM मोदी का बड़ा संदेश

Uttarakhand में चुनाव से पहले सक्रिय हुई BJP, प्रत्येक मोर्चे को मिला एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य

अब इस भारत के साथ...हाथ काटने की धमकी देने वाले पाकिस्तानी मंत्री मोदी के फैन हो गए