By अंकित सिंह | Jan 10, 2025
2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री आतिशी ने बड़ा दावा कर दिया है। आतिशी ने कहा कि आज पूरी दिल्ली 'गाली-गलौज' पार्टी से पूछ रही है कि उनका सीएम चेहरा कौन है। दिल्ली की जनता जानती है कि AAP को वोट देकर अरविंद केजरीवाल सीएम बनेंगे। लेकिन वे पूछ रहे हैं कि बीजेपी का सीएम चेहरा कौन होगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक चल रही है और आज शाम वे अपने संसदीय बोर्ड की बैठक करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने नारे ‘परिवर्तन’ और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ लक्षित अभियान पर ध्यान केंद्रित करके 26 साल से अधिक समय बाद दिल्ली में सत्ता में आने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। भाजपा दिल्ली में आखिरी बार दो दिसंबर 1993 और तीन दिसंबर, 1998 के बीच सत्ता में थी,जब राष्ट्रीय राजधानी में तीन मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज रहे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को घोषणा की कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा और मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।