By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026
दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर कथित रूप से पोस्टर चिपकाए जाने और काली स्याही से कुछ लिखे जाने की एक और घटना के बाद एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि यह घटना 24 अक्टूबर को हुई थी जब आपातकालीन गेट संख्या पांच के पास एक दीवार पर कथित रूप से पोस्टर चिपके हुए मिले थे, जबकि गेट संख्या सात के पास एक ‘शाफ्ट’ की दीवार पर काली स्याही से कुछ लिखा हुआ पाया गया था।
पुलिस शिकायत के अनुसार, पिछली घटना 20 अक्टूबर को सामने आई थी, जब एक ट्रेन संचालक ने नयी दिल्ली से यशोभूमि स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन का निरीक्षण करते समय एक सीट पर पोस्टर देखे थे। ए4 आकार के कागज पर काले और सफेद रंग में छपे इन पोस्टर में विभिन्न मुद्दे उठाए गए थे और क्यूआर कोड के जरिए लोगों को एक ऑनलाइन समूह से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें से एक पर ‘असंतुष्ट हैं?
आप अकेले नहीं हैं’ शीर्षक था और उसमें हाल के वर्षों में देश में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे सूचीबद्ध थे। दूसरे पोस्टर में सामूहिक भागीदारी और समुदाय निर्माण का आह्वान किया गया था। पोस्टर हटाकर पुलिस को सौंप दिए गए थे।
इसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस सूत्रों ने बताया था कि जांच में विशेष प्रकोष्ठ भी शामिल था।