By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
दिल्ली पुलिस ने पत्नी के कथित प्रेमी की हत्या करने के आरोप में 28 वर्षीय व्यक्ति और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मध्य दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) प्रशांत चौधरी ने यहां पत्रकारों को बताया कि 0आरोपियों की पहचान कुणाल उर्फ मुकरी (28) और पीयूष उर्फ मेंटल (22) के तौर पर हुई है।
उन्होंने बताया कि 19 वर्षीय पीड़ित और कुणाल की पत्नी लगभग तीन महीने से एक साथ रह रहे थे, जिसके कारण आरोपी और पीड़ित के बीच रंजिश दुश्मनी हो गई थी और हत्या का कारण भी यही है। पुलिस ने बताया कि चार नवंबर को पुलिस को करोल बाग इलाके में 19 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या किए जाने की सूचना मिली जिसके बाद प्रसाद नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (समान मंशा) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिससे अपराध में कुणाल और पीयूष की संलिप्तता का खुलासा हुआ।
चौधरी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके से पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू और स्कूटर भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।