Delhi Police ने 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मामले में वसीम उर्फ फौजी को दबोचा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

दिल्ली पुलिस ने दो करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में वांछित ट्रांस यमुना इलाके के गिरोह के 38 वर्षीय एक कथित सदस्य को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, इस मामले में एक कारोबारी ने फोन पर अंतरराष्ट्रीय नंबर से धमकी मिलने के बाद 65 लाख रुपये दे दिये थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी वसीम उर्फ फौजी उर्फ रफीक के रूप में हुई है। उसे 24 नवंबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता लक्ष्मी नगर का निवासी है।

उसे इस साल अगस्त में एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से धमकी भरे फोन और संदेश मिलने शुरू हुए थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और ऐसा नहीं करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित पीड़ित कारोबारी ने 65 लाख रुपये दे दिए लेकिन बाद में बाकी रकम देने से इनकार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, रकम देने के बावजूद धमकियां मिलती रहीं। इसके बाद 18 सितंबर को लक्ष्मी नगर थाने में रंगदारी का मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) विकास श्योकंद ने बताया कि जांच के दौरान कुछ ‘ऑडियो क्लिप’ और ‘वीडियो रिकॉर्डिंग’ सामने आईं, जिनमें वसीम कथित तौर पर शिकायतकर्ता को धमकी देते हुए सुनाई व दिखाई दे रहा है।

पुलिस के अनुसार, विशिष्ट सूचना के आधार पर विशेष प्रकोष्ठ की एक टीम ने सुंदर नगरी के पीली मिट्टी पार्क के पास जाल बिछाकर वसीम को पकड़ा। उसके पास से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान वसीम ने बताया कि गैंगस्टर इरफान उर्फ छेनू पहलवान के सहयोगी मुमताज के जरिए उसकी मुलाकात ट्रांस यमुना इलाके के गिरोह के सदस्यों से हुई थी।

पुलिस ने बताया कि वसीम के खिलाफ दिल्ली और तमिलनाडु में हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वसीम 2017 से 2023 तक जेल में रहा लेकिन इस दौरान भी गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था। पुलिस ने बताया कि अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

UltraTech और Ambuja समेत प्रमुख कंपनियों को दूसरी छमाही में 8% तक सीमेंट मांग बढ़ने की उम्मीद

GHMC के पूर्व डिप्टी मेयर बाबा फसीउद्दीन के कत्ल की साजिश विफल, छह गिरफ्तार

Bhupender Yadav के आवास पर जुटेंगे NCPI सांसद, New Delhi में Suvendu Adhikari भी रहेंगे मौजूद

Kashmir Weather: Srinagar में ठंड से थोड़ी राहत, 3 से 8 दिसंबर तक Snowfall का अनुमान