By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
देश की प्रमुख सीमेंट कंपनियों को चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में बिक्री बढ़ने और लाभ मार्जिन में सुधार की उम्मीद है। उन्हें निर्माण गतिविधियों में तेजी, बुनियादी ढांचा क्षेत्र पर सरकारी खर्च और शहरी आवास की मांग से कारोबार को गति मिलने की आशा है। अल्ट्राटेक सीमेंट, अंबुजा सीमेंट्स, श्री सीमेंट और डालमिया भारत जैसी कंपनियों ने वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में बिक्री में वृद्धि दर्ज की है।
इन कंपनियों को उम्मीद है कि दूसरी छमाही में मांग और बढ़ेगी। साथ ही, बिक्री से बेहतर प्राप्ति के जरिए ईंधन और माल ढुलाई की ऊंची लागत के असर को कम करने में मदद मिलेगी। सूचीबद्ध सीमेंट कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों ने तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों के साथ बातचीत में कहा कि दूसरी छमाही में उद्योग की मांग करीब सात-आठ प्रतिशत बढ़ सकती है।
देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की शेष अवधि और उसके बाद भी सीमेंट की मांग मजबूत रहने की उम्मीद है। अल्ट्राटेक सीमेंट के मुख्य वित्त अधिकारी अतुल डागा ने कहा, उद्योग मांग के लिहाज से अपने सबसे मजबूत दौर में प्रवेश कर रहा है। इसे कीमतों के बेहतर माहौल, अतिरिक्त उत्पादन क्षमता और लागत ढांचे में सुधार से समर्थन मिल रहा है।
डागा ने कहा कि दूसरी छमाही में भी कंपनी को लागत के दबाव का सामना करना पड़ेगा, लेकिन उसे भरोसा है कि वह इससे प्रभावी ढंग से निपटते हुए लगातार बेहतर प्रदर्शन करेगी। अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स को मार्च, 2029 तक सीमेंट की खपत में मजबूत तेजी बने रहने की उम्मीद है। अंबुजा सीमेंट्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनोद बाहेती ने कहा कि मांग उद्योग के लिए सबसे बड़ा सहारा बनी हुई है।
डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर विनिर्माण, निजी क्षेत्र के पूंजीगत व्यय और शहरी आवास जैसे क्षेत्रों में उभरते अवसरों से इसे गति मिल रही है। उन्होंने कहा, डेटा सेंटर बड़े पैमाने पर स्थापित हो रहे हैं। निजी क्षेत्र का पूंजीगत व्यय बढ़ रहा है और उद्योग की ज्यादातर कंपनियां अपनी उत्पादन क्षमता का विस्तार कर रही हैं।
सेमीकंडक्टर उद्योग भी तेजी से उभर रहा है। श्री सीमेंट के प्रबंध निदेशक नीरज अखौरी ने कहा कि दूसरी छमाही में कंपनी का ध्यान लागत दक्षता बढ़ाने, पूंजी का सोच-समझकर आवंटन करने और योजनाबद्ध तरीके से विस्तार के जरिए लाभप्रदता सुधारने पर रहेगा। कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में उसकी बिक्री की मात्रा उद्योग की तुलना में अधिक तेजी से बढ़ेगी।
इसे खुदरा बिक्री में वृद्धि और संस्थागत बिक्री से समर्थन मिलेगा। रेटिंग एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, मानसून के कारण आई सुस्ती के बाद विभिन्न बाजारों में कीमतों में बढ़ोतरी से अक्टूबर, 2026 में देश में सीमेंट की औसत कीमतें मासिक आधार पर करीब तीन प्रतिशत बढ़कर 370 रुपये प्रति बैग (50 किलोग्राम) हो गईं। इससे पहले सितंबर में कीमतें करीब दो प्रतिशत बढ़कर 355 रुपये प्रति बैग पहुंची थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में हुई बढ़ोतरी से कंपनियों को बिक्री पर बेहतर कीमत मिल रही है, हालांकि ईंधन और माल ढुलाई की ऊंची लागत अब भी लाभ मार्जिन पर दबाव डाल रही है। डालमिया भारत के मुख्य वित्त अधिकारी यतिन मल्होत्रा ने कहा कि मांग के संकेत मजबूत बने हुए हैं। खासकर बुनियादी ढांचा, रेलवे और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में मांग अच्छी है।
हालांकि, कमजोर मानसून चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा, अगर अगली दो तिमाहियों में मांग की वृद्धि करीब सात प्रतिशत रहती है, तो हमारी वृद्धि इससे थोड़ी अधिक होनी चाहिए।