Bhupender Yadav के आवास पर जुटेंगे NCPI सांसद, New Delhi में Suvendu Adhikari भी रहेंगे मौजूद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 29, 2026

 एनसीपीआई सांसदों को रविवार शाम नयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर आमंत्रित किया गया है और इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पार्टी की सांसद जून मालिया ने यह जानकारी दी। संसद की चार दिवसीय विशेष बैठक की शुरुआत से एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होते समय मालिया और उनकी पार्टी सहयोगी माला रॉय ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया। मालिया मेदिनीपुर की सांसद है और वह तृणमूल कांग्रेस के उन 20 सांसदों में से हैं, जो इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी की हार के बाद पाला बदलकर ‘नेशलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) में शामिल हो गए थे। 

मेदिनीपुर की सांसद ने बताया कि उन्हें रविवार शाम नयी दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर आमंत्रित किया गया है। मालिया ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय (एनएससीबीआई)हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री (शुभेंदु अधिकारी) वहां मौजूद रहेंगे।’’ उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सोमवार को नयी दिल्ली में एनसीपीआई सांसदों को दोपहर भोज पर आमंत्रित किया है।

 शुभेंदु ने शनिवार को कहा था कि संसद की विशेष बैठक शुरू होने के समय वह नयी दिल्ली में होंगे। उन्होंने कहा था कि वह यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करेंगे कि इस विधेयक के समर्थन में पश्चिम बंगाल के सांसदों के अधिक से अधिक वोट मिलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीपीआई के रुख का समर्थन करने वाली तृणमूल सांसद शताब्दी रॉय ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वह महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में वोट देंगी।

 माला रॉय ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर यह विधेयक महिलाओं के हित में लाया गया है, तो इसका समर्थन किया जाना चाहिए।’’ मालिया ने कहा कि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण होने से संसद और राज्य विधानसभाओं में लोगों का प्रतिनिधित्व करने में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह समावेशी और प्रतिनिधि लोकतंत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

प्रमुख खबरें

GHMC के पूर्व डिप्टी मेयर बाबा फसीउद्दीन के कत्ल की साजिश विफल, छह गिरफ्तार

Kashmir Weather: Srinagar में ठंड से थोड़ी राहत, 3 से 8 दिसंबर तक Snowfall का अनुमान

पूर्व CJI JS Khehar बोले- 100 साल से मूल आदर्शों पर अडिग है RSS

ITC का लागत प्रबंधन पर जोर, FMCG उत्पादों की कीमतें बढ़ाने से पहले महंगाई पर नजर