प्रतिबंधित PLA का सदस्य रेगन सिंह Delhi से गिरफ्तार, Manipur Police को सौंपा गया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

नयी दिल्ली, छह नवंबर दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो मणिपुर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज दो मामले में वांछित था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी की पहचान मणिपुर के थांगमेइबंद लौरोंगुरेल लीकाई निवासी आर.के. रेगन सिंह उर्फ गांधी के रूप में की है।

अधिकारियों ने बताया कि सिंह को तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाने के बाद चलाए गए अभियान के तहत दक्षिण दिल्ली के यूसुफ सराय से गिरफ्तार किया गया। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) हर्ष इंदोरा ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उसे अग्रिम जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए मणिपुर पुलिस की एक टीम को सौंप दिया है।’’ पुलिस के अनुसार, एक अधिकारी को तीन सितंबर को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित पीएलए का एक वांछित उग्रवादी दिल्ली में मौजूद है। अधिकारी ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिसके बाद आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए एक टीम गठित की गई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘रेगन सिंह मणिपुर के थौबल पुलिस थाने में यूएपीए के तहत दर्ज दो मामलों में वांछित था। वह कथित तौर पर प्रतिबंधित पीएलए/रिवॉल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (आरपीएफ) से जुड़ा था और कानून लागू करने वाली एजेंसियों से बच रहा था।’’ पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान तकनीकी निगरानी से संकेत मिला कि आरोपी नयी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आसपास हो सकता है। अधिकारी के अनुसार, टीम वहां पहुंची और पूछताछ की, लेकिन अस्पताल में उस नाम का कोई मरीज भर्ती नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने अपनी तलाश का दायरा बढ़ाते हुए यूसुफ सराय के होटलों में पूछताछ की। साथ ही, सफदरजंग एन्क्लेव और ग्रीन पार्क में भी व्यापक स्तर पर छानबीन की गई। पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।

पुलिस ने बताया कि शुरुआत में वांछित व्यक्ति की तस्वीर उपलब्ध नहीं होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल था। हालांकि, लगातार प्रयासों के बाद टीम ने यूसुफ सराय से पूर्वोत्तर भारत के एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारी ने कहा, ‘‘शुरुआती पूछताछ के दौरान उस व्यक्ति ने अपनी गलत पहचान बताई और किसी उग्रवादी संगठन से संबंध होने से इनकार किया।

बाद में उसकी तस्वीर मणिपुर पुलिस को भेजी गई, जिसने पुष्टि की कि वह वांछित आरोपी रेगन सिंह है।’’

प्रमुख खबरें

Tarun Tejpal को Supreme Court से नहीं मिली राहत, रेप केस में 10 साल की सजा पर रोक से इनकार

दौलत राम कॉलेज यौन उत्पीड़न मामले में NCW सख्त, प्राचार्या से मांगी रिपोर्ट

Supreme Court का आदेश: केवल Salary देखकर उम्मीदवारों से नहीं छिन सकता OBC Reservation का लाभ

काजू कतली भूल जाएंगे! 10 गुना कम खर्च में बनाएं यह सुपर टेस्टी मूंगफली कतली, नोट करें रेसिपी