दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए समय बढ़ाने के खिलाफ शरजील इमाम की याचिका का किया विरोध

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 25, 2020

नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने भड़काऊ भाषण देने के मामले में गिरफ्तार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र शरजील इमाम की याचिका का विरोध किया। इमाम ने जांच पूरी करने के लिए पुलिस को और समय देने के निचली अदालत के फैसले को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को उच्च न्यायालय में इमाम की याचिका का विरोध करते हुए कहा कि निचली अदालत के 25 अप्रैल के आदेश में कोई खामी नहीं है। अदालत ने गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम कानून(यूएपीए) के तहत मामले में जांच पूरी करने के लिए 90 दिन की वैधानिक अवधि के अलावा तीन और महीने का समय दिया था। 

इसे भी पढ़ें: जामिया हिंसा मामले में शरजील इमाम के खिलाफ UAPA लगाया गया 

इसके अलावा पुलिस ने जब जांच पूरी करने के लिए और समय देने की मांग को लेकर अर्जी दाखिल की तो उसे कानून के मुताबिक नोटिस नहीं दिया गया। निचली अदालत ने इमाम की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इमाम की ओर से पेश वरिष्ठ वकील रेबेका जॉन ने दलील दी की कि आरोपी के अधिकारों में कटौती और 90 दिन की हिरासत के बाद वैधानिक जमानत के अधिकार से वंचित रखने के लिए उसकी हिरासत के 88 वें दिन यूएपीए लगाया गया। पुलिस की तरफ से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अमन लेखी ने कहा कि कानून के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन नहीं हुआ और जांच पूरी करने के लिए समय बढ़ाने के वाजिब कारण थे। उन्होंने दलील दी कि इमाम किसी भी तरह राहत पाने का हकदार नहीं है। सुनवाई के दौरान जॉन ने कहा कि निचली अदालत के 25 अप्रैल के आदेश के बाद और 60 दिन गुजर गए तथा इमाम अब भी हिरासत में है।

प्रमुख खबरें

Prashant Kishor ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

AISA अध्यक्ष Neha Bora ने Jantar Mantar प्रदर्शन जारी रखने का दिया संदेश

Shardiya Navratri 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना और पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

Mansukh Mandaviya से मिले पैरा निशानेबाज, Asian Para Games चयन में PCI पर लगाया पक्षपात का आरोप