By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
नयी दिल्ली, एक नवंबर दिल्ली प्रशासन ने शीतकालीन कार्य योजना के पहले दिन 68.4 लाख रुपये का जुर्माना और पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क लगाया। इस दौरान लगभग 15,000 वाहनों की जांच की गई, सीमावर्ती इलाकों से 1,539 वाहनों को वापस लौटा दिया गया और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसीसी) के नियमों का उल्लंघन करने पर 566 वाहनों का चालान काटा गया। रविवार शाम पांच बजे तक उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कुल राशि में पीयूसीसी के उल्लंघन के लिए 56.6 लाख रुपये का जुर्माना, सीमा में प्रवेश से जुड़े प्रतिबंधों के उल्लंघन के लिए दो लाख रुपये का जुर्माना और निर्माण एवं तोड़फोड़ से संबंधित उल्लंघनों के लिए 9.8 लाख रुपये का पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क शामिल है।