By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
(फाइल फोटो के साथ) मुंबई, 11 नवंबर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 (टी-1) के चरणबद्ध पुनर्विकास का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने सुझाव दिया है कि मौजूदा सुविधा तब तक चालू रखी जाए, जब तक उसका स्थान लेने वाला नया टर्मिनल तैयार न हो जाए, ताकि उड़ान सेवाओं में व्यवधान न आए। केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय को लिखे पत्र में फडणवीस ने पुनर्विकास के लिए एक वैकल्पिक क्रम सुझाया है।
इसके तहत मौजूदा टर्मिनल को गिराने से पहले नया टर्मिनल बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इसका उद्देश्य एक साथ निर्माण कार्य करने का है, ताकि उड़ानों को स्थानांतरित करने या रद्द करने की जरूरत न पड़े।’’ प्रस्तावित योजना के तहत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के टर्मिनल 1बी का निर्माण पहले किया जाएगा। इसके बाद टर्मिनल 1ए का परिचालन 1बी में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
फिर टर्मिनल 1ए को गिराकर दोबारा बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव से हवाई अड्डा प्रबंधन को मौजूदा पूरे टर्मिनल को बंद करने और उसके स्थान पर नया निर्माण शुरू करने के बजाय चरणों में पुनर्विकास करने में मदद मिलेगी। वर्ष 1964 में शुरू हुए टी-1 का पुनर्विकास मुख्य रूप से ढांचागत और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए किया जा रहा है।
इन चिंताओं को 2017 में स्ट्रकवेल और 2024 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बंबई द्वारा किए गए ऑडिट में उठाया गया था। मुंबई हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) ने शुरुआत में 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन का कुछ हिस्सा स्थानांतरित करने की योजना बनाई थी। हालांकि, इस योजना को लेकर कई विदेशी विमानन कंपनियों की चिंताओं के बाद समयसीमा बढ़ाकर मार्च 2027 कर दी गई।