धोनी और प्रिटोरियस ने मैच छीन लिया: रोहित शर्मा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 22, 2022

नवी मुंबई| मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने गुरुवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांचक मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से मिली तीन विकेट की हार के बाद कहा कि अंत में महेंद्र सिंह धोनी और (ड्वेन) प्रिटोरियस ने मैच छीन लिया।

धोनी (नाबाद 28 रन) ने ‘फिनिशर’ की अपनी भूमिका शानदार तरीके से निभाते हुए सीएसके को अंतिम गेंद में जीत दिलायी जिससे मुंबई इंडियंस को लगातार सातवीं हार का सामना करना पड़ा। रोहित ने हालांकि कहा, ‘‘शीर्ष क्रम पर ऊंगली उठाना मुश्किल है। अगर आप दो या तीन विकेट जल्दी गंवा देते हो तो मुश्किल होगी ही। ’’ मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा की नाबाद 51 रन की अर्धशतकीय पारी से खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 155 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था।

सीएसके के कप्तान रविंद्र जडेजा ने कहा, ‘‘जिस तरह से मैच जा रहा था, हम काफी तनाव में थे। लेकिन हम जानते थे कि खेल का महान ‘फिनिशर’ खेल रहा है और अगर वह अंतिम गेंद खेला तो वह मैच खत्म करेगा ही। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘धोनी ने दुनिया को दिखा दिया कि वह अब भी मैच का ‘फिनिशर’ है। ’’ मुंबई इंडियस के 150 रन से ज्यादा के स्कोर में सीएसके के खराब क्षेत्ररक्षण का भी योगदान रहा जिसने कई बार विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को जीवनदान दिये और कप्तान जडेजा ही दो बार कैच लपकने में विफल रहे।

जडेजा ने कहा, ‘‘मैं कभी भी क्षेत्ररक्षण को हल्के में नहीं लेता और इस पर काम करना होगा। हमें अपने क्षेत्ररक्षण पर कुछ काम करना होगा और कैच लेने होंगे क्योंकि हम हर मैच में कैच नहीं छोड़ सकते। ’’

सीएसके के बायें हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज मुकेश चौधरी ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट चटकाये जिसमें पहले ही ओवर में दो विकेट झटकना शामिल रहा। इससे उन्हें ‘प्लेयर आफ द मैच’ चुना गया।

प्रमुख खबरें

उम्र बाधा नहीं, BWF World Tour Finals के लिए PV Sindhu ने किया क्वालीफाई

West Bengal: सुवेंदु अधिकारी ने प्रवासी कामगारों से घर लौटने का आह्वान किया, 125 दिन काम की गारंटी

Riyadh Airport Attack में घायल एक और भारतीय ने तोड़ा दम, कुल मृतकों की संख्या 14 हुई

Punjab में Congress कार्यकर्ताओं को Mallikarjun Kharge का संदेश, एकजुटता से ही मिलेगी पूरे देश में जीत