By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
(कुशान सरकार) क्राइस्टचर्च, 29 नवंबर नेम चंद जुरेल ने 1999 में कारगिल युद्ध में जाने से पहले अपनी पत्नी के लिए एक पत्र लिखा जो किसी तरह का आम पारंपरिक विदाई संदेश नहीं था बल्कि एक सैनिक का व्यावहारिक संदेश था जो जानता था कि अगले कुछ दिन उसके परिवार के जीवन को हमेशा के लिए बदल सकते हैं। उन्होंने अपनी पत्नी को बचत और ‘फिक्स्ड डिपॉजिट’ के बारे में जानकारी दी और बताया कि अगर वह वापस नहीं लौटे तो वह पैसे का इंतजाम कैसे कर सकती हैं। नेमचंद ने उस घटना को याद करते हुए कहा, ‘‘मुझे याद है कि जब युद्ध शुरू हुआ तो मैंने अपनी पत्नी को एक पत्र लिखा था।
मैंने उसे अपनी सारी बचत और ‘फिक्स्ड डिपॉजिट’ के बारे में बताया था और यह भी बताया था कि अगर मुझे कुछ हो जाता है तो वह पैसे का इंतजाम कैसे कर सकती है। मैंने उसे यह भी कहा था कि पैसे का सदुपयोग करना।’’ आठवीं जाट रेजिमेंट के सदस्य नेम चंद ने कारगिल युद्ध में भाग लिया था। वह एक ऐसा अनुभव है जो 2008 में सेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद भी उनकी यादों में ताजा है।
दो दशक से भी अधिक समय बाद यह सैनिक एक और जंग देख रहा है लेकिन यह पूरी तरह से अलग मैदान पर हो रही है। अब उनका बेटा ध्रुव जुरेल 22 गज की पिच पर भारत के लिए अपना जुझारूपन दिखा रहा है। यह भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज जब भी कोई खास मुकाम हासिल करता है तो अपने पिता की उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए विशेष तरीका अपनाता है।
वह अक्सर उनकी ओर देखकर ‘सैल्यूट’ करते हैं। यह ऐसा भाव है जिसका महत्व देखने में जितना लगता है उससे कहीं अधिक है। नेम चंद को वह दिन याद है जब युद्ध के बाद उनकी रेजीमेंट पहाड़ों से नीचे उतरी थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम एकदम जमके कारगिल युद्ध लड़े थे। मुझे याद है कि जब युद्ध खत्म हुआ तो तो आठवीं जाट पहली रेजिमेंट थी जो पहाड़ियों से नीचे आई थी। जीत के बाद जब हम मैदानी इलाके में पहुंचे, तो वह सब किसी सपने जैसा लग रहा था।’’ नेम चंद ने कहा, ‘‘26 जुलाई को विजय दिवस घोषित किया गया था और 27 जुलाई को हम पहाड़ियों से नीचे आ गए।’’ जब युद्ध शुरू हुआ तब ध्रुव का जन्म नहीं हुआ था।
हालांकि, उनकी बेटी पैदा हो चुकी थी। इस बीच परिवार को उस अनिश्चितता का सामना करना पड़ा जो किसी अपने के मोर्चे पर होने से जुड़ी होती है। अब नेम चंद अपने बेटे को देश का प्रतिनिधित्व करते हुए देखकर एक अलग तरह की भावना का अनुभव कर रहे हैं।
ध्रुव शुरुआती वर्षों में पढ़ाई में काफी होशियार थे, लेकिन धीरे-धीरे क्रिकेट उनके लिए बाकी सब चीजों से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया। नेमचंद ने कहा, ‘‘वह पढ़ाई में बहुत होशियार था, लेकिन जब क्रिकेट उसकी प्राथमिकता बन गया, तो पढ़ाई पीछे छूट गई। किसी तरह उसने दसवीं की बोर्ड परीक्षा पास की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब ध्रुव ने क्रिकेट खेलना शुरू किया, तो मैंने उसे कभी भी किसी भी चीज पर समझौता नहीं करने दिया।
चाहे वह बल्ला हो, क्रिकेट के जूते हों या अन्य सामान, किसी तरह का समझौता नहीं किया गया।’’ नेम चंद के लिए भी एक खास अनुभव रहा है। वह पहली बार अपनी पत्नी के साथ अपने बेटे को खेलते देखने के लिए विदेश यात्रा पर आए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम पहली बार विदेश आए हैं।
ध्रुव ने कहा, पापा आ जाओ। अब सीरीज के बाद वह फैसला करेगा कि कहीं घूमने जाना है। वह कम बोलता है और हम कम पूछते हैं।’’ ध्रुव ने जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया तो पिता और पुत्र की योजनाए अलग-अलग थीं।
नेम चंद ने कहा, ‘‘जब उसने पदार्पण किया तब मैं (वृंदावन में) बांके बिहारी के दर्शन करने के लिए गया था। ध्रुव ने बुलाया था लेकिन मैंने मना कर दिया। हम ठाकुर जी के भक्त हैं।’’ नेम चंद के लिए आस्था हमेशा से जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।
और भले ही वे अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त न करते हों, लेकिन बेटे की उपलब्धियां उनके लिए बहुत मायने रखती हैं। जो व्यक्ति कभी कारगिल के पहाड़ों में पहरा देता था, अब वह अपने बेटे को क्रिकेट के मैदान पर भारत के लिए खेलते हुए देखता है। और जब भी ध्रुव किसी उपलब्धि के बाद ‘सैल्यूट’ मारता है तो शायद यह उस सैनिक को सम्मान देने का उनका तरीका होता है, जिन्होने उन्हें सिखाया था कि देश के लिए लड़ने का क्या मतलब होता है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अर्धशतक जड़ने के बाद भी ध्रुव ने अपनी इस विशिष्ट शैली में अपने पिता का आभार व्यक्त किया था।