By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
झारखंड के रामगढ़ जिले में बीती रात एक तेज रफ्तार एसयूवी के भारी वाहन से टकरा जाने के कारण पांच महिलाओं और दो बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बीती रात करीब ढाई बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुआ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में 13 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे के बारे में जानकर दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’ रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘एसयूवी की भारी वाहन से टक्कर होने के कारण उसमें सवार 13 लोगों की मौत हो गई।
एसयूवी में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे।’’ रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘हादसे के बाद भारी वाहन का चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। हम उसकी तलाश कर रहे हैं।
टक्कर के प्रभाव से एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।’’ उन्होंने बताया कि हादसे के समय सभी लोग रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के विस्तृत विवरण का पता लगाया जा रहा है और इसके कारणों की जांच जारी है।
रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हादसा बीती रात करीब दो बजे हुआ। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। करीब ढाई बजे सभी को रामगढ़ सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में इलाज किया जा रहा है।’’ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों के परिजनों से संपर्क किया गया है और शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। राज्यपाल गंगवार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रामगढ़ जिले के कुजू में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।’’ उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री सोरेन ने भी ‘एक्स’ पर शोक संदेश में कहा कि रामगढ़ में पैंकी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हुए सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद है।
सोरेन ने कहा, ‘‘मैं हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मरांग बुरू दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकसंतप्त परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। हादसे में घायल व्यक्ति का उचित इलाज किया जा रहा है।’’