By अंकित सिंह | Apr 20, 2023
इस साल के आखिर में मध्यप्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच यहां मुख्य मुकाबला होता है। दोनों पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। इन सबके बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अपनी ही पार्टी को आइना दिखा दिया है। दिग्विजय सिंह ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस का संगठन कमजोर है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कह दिया कि पोलिंग के दिन भी कांग्रेस का इलेक्शन मैनेजमेंट कमजोर रहता है। दरअसल, मध्यप्रदेश के सीहोर में दिग्विजय सिंह पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि कांग्रेस का संगठन कमजोर रहता है।
सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के इस बयान से सहमत हैं कि जब गुलाम नबी आजाद कांग्रेस में थे, तो वह पूरी तरह आजाद थे,लेकिन अब पुरानी पार्टी को छोड़कर वह गुलाम बन गए हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या भारतीय जनता पार्टी इन नेताओं का इस्तेमाल कांग्रेस पर हमला करने के लिए कर रही है, सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने आज़ाद और सिंधिया को सब कुछ दिया। दोनों को कांग्रेस पर हमला करने के लिए ही कहा गया है। क्या यह दोनों के लिए शर्मनाक नहीं है।’’