दिग्विजय सिंह का बयान देश के खिलाफ है और बांटने वाला है: भाजपा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 02, 2019

नयी दिल्ली। भाजपा और आईएसआई में संबंध के आरोप को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर भगवा दल ने सोमवार को निशाना साधा। भाजपा ने दिग्विजय सिंह के बयान को निंदनीय और शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह बयान निंदनीय, शर्मनाक और गैर जिम्मेदाराना है। वे (दिग्विजय सिंह) कांग्रेस के नवरत्नों में से एक हैं, वे कोई साधारण नेता नहीं हैं। इस पर सोनिया गांधी को जवाब देना चाहिए।’’ पात्रा ने कहा, ‘‘दिग्विजय सिंह का बयान देश के खिलाफ है और बांटने वाला है। यह विभाजनकारी मानसिकता का परिचायक है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नौ रत्न हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में आते-आते, पाकिस्तान को ऑक्सीजन देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी बयान कांग्रेस के नवरत्न नेता देते हैं, वह पाकिस्तान के खबरिया चैनल की हेडलाइन में आता है और कई बार इमरान खान बयान को उद्धृत करते नजर आते हैं। 

इसे भी पढ़ें: किसी के भी दबाव में न आएं सोनिया, सिंधिया के समर्थकों ने लगवाए पोस्टर्स

उन्होंने कहा कि यह वास्तविकता है कि राहुल गांधी, गुलाम नबी आजाद, मणिशंकर अय्यर, सैम पित्रोदा, सलमान खुर्शीद, सुशील कुमार शिंदे, अधीर रंजन चौधरी, दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस नेता ऐसे नवरत्न हैं जिन पर पाकिस्तान को गर्व होगा। उन्होंने सवाल किया कि दिग्विजय सिंह को कैसे मालूम हुआ कि पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिये जासूसी करने वालों में मुसलमान कितने हैं और हिन्दू कितने हैं? संबित पात्रा ने कहा कि भाजपा हिंदुस्तान की ही नहीं अपितु विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उस राजनीतिक पार्टी पर ऐसे आरोप लगाना, अनर्गल बयानबाजी करना बहुत ही निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके नवरत्न नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से घृणा करते-करते लक्ष्मण रेखा लांघ जाते हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक दिग्विजय सिंहका सवाल है, तो उनके लिये ज़ाकिर नाइक शांति दूत है और हम सब जासूस हैं। 

इसे भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में कमलनाथ नहीं बल्कि दिग्विजय सिंह चला रहे सरकार!

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद पूरे देश में अच्छा माहौल है। जम्मू-कश्मीर आगे बढ़ेगा इसको लेकर हर कोई खुश है। ऐसे में रंग में भंग डालने की कोशिश और पाकिस्तान की आवाज में बोलने की कोशिश कांग्रेस पार्टी, दिग्विजय सिंह और कुछ लोग ही कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि एक कथित वीडियो में बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह को यह कहते दिखाया गया है कि भाजपा के आईएसआई के साथ संबंध हैं। बाद में सिंह ने कहा है कि उनके बयान को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पाकिस्तान के लिये कथित जासूसी के आरोप में कई लोगों को पकड़ने से संबंधित एक सवाल के जवाब में पात्रा ने कहा कि भाजपा उन सभी लोगों के खिलाफ है जो भारत के खिलाफ काम करते है लेकिन इस मामले को साम्प्रदायिक या राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। यह पूछे जाने पर कि सिंह ने बयान तोड़मरोड़ कर पेश किये जाने का दावा किया है, पात्रा ने कहा कि वीडियो में उनका बयान उपलब्ध है। 

प्रमुख खबरें

Jaipur Literature Festival में जुटेंगे Simi Garewal और Vishal Bhardwaj, 14 जनवरी से होगा आगाज

Spain Parliament ने बेदखली रोकने और Housing Reforms के नए नियमों को दी मंजूरी

NITI Aayog की रिपोर्ट: PLI Scheme के 70 प्रतिशत क्षेत्रों में तय लक्ष्यों के अनुसार प्रगति

Vivaan Kapoor ने ISSF विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत, भारत के लिए पक्का किया Olympic कोटा