By दिनेश शुक्ल | Mar 15, 2021
भोपाल। सरकारी बैंकों के प्रस्ताविक निजीकरण को लेकर देश भर में 15 और 16 मार्च को सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर हैं। बैंकों की इस हड़ताल को लेकर राज्यसभा सदस्य और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी उनके समर्थन में आगे आ गए हैं। उन्होंने कहा है कि मोदी-शाह देश के सार्वजनिक क्षेत्र को बर्बाद कर देंगे।
वहीं, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्य प्रदेश के को-ऑर्डिनेटर वी.के. शर्मा ने बताया कि बैंकों के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में देश भर के दस लाख बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी 15 एवं 16 मार्च को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल में शामिल हैं। हड़ताल के कारण सभी सरकारी क्षेत्र के बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों एवं पुरानी निजी क्षेत्र के बैंकों में काम काज ठप्प है।
इस दौरान प्रदेश की राजधानी भोपाल में जिला प्रशासन द्वारा कोरोना महामारी के चलते सार्वजनिक स्थानों पर रैली, धरना, सभा आदि के लिए अनुमति नहीं दी गई। जिसके चलते सभी बैंकों के हड़ताली बैंक कर्मी एक जगह एकत्रित ना होकर अपनी अपनी बैंकों के प्रशासनिक कार्यालयों के सामने प्रातः 10:30 बजे मास्क पहन कर एकत्रित हुए एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बैंकों के निजीकरण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।