By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने 30 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले ‘कॉन्सर्ट’ को दिल्ली पुलिस की मंजूरी मिलने के बाद कहा कि किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पड़ताल करना जरूरी है। दिल्ली पुलिस ने त्योहारी सीजन के दौरान विशेष खतरे से जुड़ी सूचनाओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट की अनुमति देने से बृहस्पतिवार को इनकार कर दिया था। शुक्रवार को आयोजक बुकमायशो के साथ बैठक के बाद पुलिस ने अपने फैसले पर दोबारा विचार किया और कॉन्सर्ट को मंजूरी दे दी।
उन्होंने वीडियो में कहा, “अब 30 अक्टूबर को दिल्ली में मिलते हैं।” दोसांझ ने कहा, “किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पड़ताल करें। पूरी कहानी जाने बिना आप बहुत शोर मचा रहे हैं। पहले तथ्यों को ठीक से समझ लेना बेहतर है।
वे एक के बाद एक बहस करते रहते हैं और लगातार ट्वीट करते रहते हैं।” बुकमायशो लाइव ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आयोजकों से सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा था। दिल्ली में कार्यक्रम के बाद वह इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ में कॉन्सर्ट करेंगे। दोसांझ (42) ने इससे पहले 2024 में अपने ‘दिल-लुमिनाटी टूर’ के तहत भारत में कार्यक्रम किए थे।
उन्होंने नयी दिल्ली, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, इंदौर, चंडीगढ़ और गुवाहाटी समेत कई बड़े शहरों में प्रस्तुति दी थी। इस टूर का समापन लुधियाना में हुआ था।