By अंकित सिंह | Apr 25, 2022
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2022 का सीजन अच्छा नहीं जा रहा है। 5 बार की आईपीएल चैंपियन रही मुंबई इंडियंस अब तक 8 मुकाबले हार चुकी है। यानी कि इस सीजन में मुंबई इंडियंस अब तक एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। इससे मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों में तो निराशा है ही साथ ही साथ कप्तान भी निराश हैं। आईपीएल की सबसे सफलतम टीमों में से एक मुंबई इंडियंस रविवार को खेले गए एक मुकाबले में लखनऊ से हार गई। मुंबई इंडियंस ने अपने शुरुआती 8 मुकाबले हारी हैं जो कि आईपीएल में एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी है। मुंबई इंडियंस की हार से खुद कप्तान रोहित शर्मा भी निराश हैं। अपनी निराशा को व्यक्त करते हुए उन्होंने एक भावुक ट्वीट भी किया है।
आईपीएल के इतिहास की दो सबसे सफल टीम मुंबई इंडियन्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए मौजूदा सत्र काफी मुश्किल रहा। चेन्नई की टीम हालांकि अब भी प्ले आफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है। आईपीएल की बड़ी नीलामी में मुंबई ने हार्दिक पंड्या और कृणाल पंड्या को अपने साथ बरकरार नहीं रखा जिन्होंने पिछले कुछ वर्षों में टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी। मुंबई ने कप्तान रोहित के अलावा सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और कीरोन पोलार्ड को रिटेन किया था लेकिन ये उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए।