DK Shivakumar ने सद्गुरु के ईशा योग केंद्र दौरे की आलोचना का जवाब दिया, अपने दौरे का बचाव किया

By एकता | Mar 02, 2025

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को सद्गुरु जग्गी वासुदेव के ईशा योग केंद्र की अपनी यात्रा का बचाव किया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह उनकी निजी आस्था है। आपको बता दें, शिवकुमार महाशिवरात्रि समारोह में हिस्सा लेने ईशा योग केंद्र गए थे। इस यात्रा के कारण उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

पत्रकारों से बातचीत में शिवकुमार ने कहा, 'मैं सभी धर्मों, सभी जातियों में विश्वास करता हूं। कांग्रेस की विचारधारा समाज में सभी को साथ लेकर चलने की है। मैं कोई भेदभाव नहीं करता। कुछ लोगों को यह पसंद आ सकता है, कुछ को नहीं।' बुधवार को शिवरात्रि कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सद्गुरु जग्गी वासुदेव के साथ शिवकुमार के मंच साझा करने से कांग्रेस नेताओं के एक वर्ग में कुछ बेचैनी पैदा हो गई है, जिन्हें लगता है कि वह भाजपा की विचारधारा के करीब जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: Chamoli Avalanche Updates: लापता श्रमिकों के शव मिले, बचाव अभियान समाप्त, चमोली हिमस्खलन में आठ की मौत

सहकारिता मंत्री के एन राजन्ना ने शिवकुमार द्वारा उन लोगों के साथ मंच साझा करने पर शनिवार को सवाल उठाया जो कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते रहे हैं। आलोचनाओं, खासकर राजन्ना द्वारा की गई आलोचना के बारे में पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा, 'मैं उनमें से किसी का भी जवाब नहीं देना चाहता। मैं उनसे बात करूंगा।'

स्थिति का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करते हुए भाजपा नेताओं ने शिवकुमार की तुलना महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से करते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस पर कटाक्ष किया और राज्य में 'तेज गति' से राजनीतिक घटनाक्रम बदलने का अनुमान जताया। महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी गठबंधन सरकार 2022 में शिवसेना में विभाजन के बाद गिर गई जिसमें एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में विधायकों ने अलग होकर भाजपा से हाथ मिला लिया।

भाजपा नेताओं द्वारा आगामी दिनों में राज्य में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदलने का अनुमान लगाए जाने पर शिवकुमार ने कहा, 'यह सब बकवास है। पहले भाजपा को अपने यहां चीजें ठीक करने पर ध्यान देना चाहिए।' शिवकुमार ने कहा, 'जैसा कि मेरे कुछ मंत्रियों ने कहा है, भाजपा के कई विधायक हमसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे मंत्री ने पहले ही इसका खुलासा कर दिया है, मैं इस पर चर्चा नहीं करना चाहता। यह (भाजपा) एक टूटा हुआ घर है, जबकि कांग्रेस एक एकजुट घर है।'

इसे भी पढ़ें: Delhi की महिलाओं के खाते में कब आएंगे 2500 रुपये? AAP विधायक कुलदीप कुमार ने बीजेपी से पूछा ये सवाल

एक सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी परिसीमन कवायद का पूरी तरह से विरोध करती है। उन्होंने कहा, 'वे (भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार) दक्षिण में हमारी संख्या (लोकसभा सीटों की संख्या) कम करने की कोशिश कर रहे हैं। हम एकजुट हैं, हम एकजुट होकर लड़ेंगे।' बाद में उडुपी में पत्रकारों से बातचीत में शिवकुमार ने कहा कि इन दिनों किसी भी मंदिर में उनका जाना या किसी समुदाय के पक्ष में भाषण देना बहस को जन्म दे देता है।

उन्होंने एक सवाल पर कहा, 'अगर मैं किसी मंदिर में जाता हूं या किसी समुदाय के बारे में बोलता हूं तो इससे बहस शुरू हो जाती है। मैं कुंभ मेले में गया था। क्या पानी की कोई जाति, धर्म या पार्टी होती है?  मैंने वहां से आने के बाद यहां टी नरसिपुरा में नदियों के संगम पर भी मेले में भाग लिया था। क्या गलत है? किसी तरह की अटकल की जरूरत नहीं है।'

प्रमुख खबरें

Party Makeup Tutorial: प्रोफेशनल लुक के लिए फॉलो करें ये Skincare और Base Makeup टिप्स

Himanta Biswa Sarma का बड़ा आरोप, P Chidambaram शुद्ध नक्सली; कार्यकाल की जांच की मांग

Nepal में होते ही Indian Army Chief Dhiraj Seth की एंट्री, China के लिए बज गयी खतरे की घंटी

SC से Rahul Gandhi को बड़ी राहत, आय से अधिक संपत्ति मामले में HC की सुनवाई रोकी