Karnataka में शिवकुमार राज! आज शाम मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे DK Shivakumar, कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं 12-14 मंत्री

By रेनू तिवारी | Jun 03, 2026

कर्नाटक की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष और आठ बार के विधायक डी. के. शिवकुमार बुधवार को बेंगलुरु के राजभवन (लोक भवन) में आयोजित एक समारोह में राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके साथ एक छोटा मंत्रिपरिषद भी शपथ ग्रहण करेगा। राज्यपाल थावरचंद गहलोत शाम 4:05 बजे लोक भवन के ऐतिहासिक ‘ग्लास हाउस’ में शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इस ताजपोशी के साथ ही दक्षिण भारत में कांग्रेस के सबसे बड़े 'संकटमोचक' माने जाने वाले शिवकुमार का वह सपना पूरा होने जा रहा है, जिसके लिए उन्होंने लंबा राजनीतिक संघर्ष किया है।

हालांकि कितने मंत्री शपथ लेंगे, यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है लेकिनसूत्रों के अनुसार 12 से 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं। राज्य के शीर्ष राजनीतिक पद पर पहुंचने के साथ ही आठ बार के विधायक डी.के. शिवकुमार अपना वह सपना साकार कर लेंगे जिसके लिए उन्होंने लंबे समय तक राजनीतिक संघर्ष किया। मुख्यमंत्री पद को लेकर उनके और सिद्धरमैया के बीच चले समय तक चले खींचतान का अंत पिछले सप्ताह सिद्धरमैया के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के साथ हुआ।

सिद्धरमैया ने पिछले हफ्ते कांग्रेस आलाकमान के निर्देश के तहत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और उनके इस कदम से दक्षिण भारत में पार्टी के संकटमोचक माने जाने वाले शिवकुमार के लिए यह पद ग्रहण करने का रास्ता साफ हो गया। मंगलवार देर रात दिल्ली से बेंगलुरु पहुंचने पर शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मंत्री पदों के लिए मीडिया में जो नाम चल रहे हैं, वे आधिकारिक नहीं हैं।

दिल्ली से आलाकमान बुधवार को सुबह 10 बजे या दोपहर तक नामों की सूची भेजेगा, हम चर्चा करेंगे और अपनी राय देंगे, उसके बाद दिल्ली से अंतिम फैसला लेकर मुझे सूची भेजी जाएगी। फिर मैं वह सूची लोक भवन भेजूंगा।’’ उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस भवन के लिए शाम में निर्धारित भूमिपूजन समारोह किसी और दिन होगा। शिवकुमार ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद वह कैबिनेट की एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इसे भी पढ़ें: US Section 301 Tariffs | अमेरिका का बड़ा कदम! ट्रेड एक्ट 'सेक्शन 301' के तहत भारत और चीन पर 12.5% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव

उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को विदा करने के बाद वे प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, गारंटी समिति प्रमुखों और यहां भारत जोड़ो भवन में आमंत्रित लोगों से मिलने जाएंगे। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह को अपेक्षाकृत सादगीपूर्ण रखा गया है। इसकी एक प्रमुख वजह राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बेंगलुरु पहुंचने की संभावना है, जिससे व्यस्त समय के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: Delhi Economic Census 2027 | दिल्ली की 'आर्थिक नब्ज' टटोलेगी सरकार! 13 जिलों में शुरू हुई 8वीं आर्थिक गणना की तैयारियां

सूत्रों के अनुसार, खरगे, राहुल गांधी और पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल एवं रणदीप सिंह सुरजेवाला के इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस और ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ कई प्रदेश और केंद्रीय नेता, गणमान्य व्यक्ति और आमंत्रित मेहमान भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि सभी प्रमुख समुदायों के धर्मगुरुओं और विभिन्न मठों के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, आमंत्रित लोगों में शिवकुमार के पैतृक गांव कनकपुरा के डोड्डालाहल्ली के एक सरकारी स्कूल के छात्र और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं, जिनमें श्रमिक, नागरिक कर्मचारी, किसान नेता, महिला स्वयं सहायता समूह और कन्नड़ समर्थक संगठन शामिल हैं।

मंगलवार को नयी दिल्ली में कांग्रेस आला कमान, शिवकुमार और सिद्धरमैया के बीच मंत्रिपरिषद के गठन को लेकर गहन मंत्रणा हुई, जिसमें खरगे और राहुल गांधी भी शामिल हुए। कर्नाटक मंत्रिमंडल की स्वीकृत क्षमता मुख्यमंत्री सहित 34 है। पिछले कुछ दिनों के दौरान मंत्री पद के दावेदार कई नेता आलाकमान के सामने अपनी दावेदारी पेश करने दिल्ली पहुंचे हैं। लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक व्यवस्था की गई हैं।

Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi  

प्रमुख खबरें

देश-विदेश की बड़ी खबरें: Amit Shah का बयान, Delhi हादसा और Nepal Flood पर अहम अपडेट

दिल्ली में किस बात से बेबस ट्रिपल इंजन सरकार? Satya Niketan हादसे पर Rahul Gandhi का BJP पर वार

क्या Self-Medication से घट रही है Immunity? Antibiotics Resistance को लेकर विशेषज्ञों की बड़ी चेतावनी

West Bengal में 1 लाख कर्मचारियों का Salary Hike, 390 करोड़ का खर्च