Donald Trump का दावा, Iran युद्ध खत्म करने के समझौते की बनी रूपरेखा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 02, 2026

वाशिंगटन, दो अगस्त (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि पश्चिम एशिया के सहयोगी देशों ने ईरान के साथ पांच महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौते की रूपरेखा पर सहमति बना ली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह इस संघर्ष में ईरान पर नए सैन्य हमले का आदेश नहीं देंगे। ट्रंप ने शनिवार शाम को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस समझौते में ‘‘होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल और पूरी तरह खोलना तथा ईरान के परमाणु खतरे का अंत शामिल होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस अनुरोध के आधार पर मैंने दुनिया के भविष्य के हित में और साथ ही एक सफल एवं समृद्ध ईरान के अस्तित्व को ध्यान में रखते हुए फिलहाल हमलों को रोकने पर सहमति दी है, बशर्ते कि शीघ्र ही कोई समझौता हो सके।’’ अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमला किए जाने के बाद से राष्ट्रपति ट्रंप कई बार ईरान पर हमले रोकने की घोषणा कर चुके हैं लेकिन हर बार हालात फिर बिगड़ गए और दोनों पक्षों के बीच संघर्ष दोबारा शुरू हो गया।

इसमें इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया द्वारा अरब खाड़ी देशों और जॉर्डन पर किए जाने वाले हमलों को रोकना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसके बदले अमेरिका ईरान पर लागू अपनी नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करेगा और प्रस्तावित अस्थायी युद्धविराम समझौते के अनुसार तेहरान को फिर से तेल निर्यात करने की अनुमति देगा। अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है लेकिन मध्यस्थता के प्रयास जारी हैं।

ट्रंप ने कहा कि इजराइल भी युद्ध समाप्त करने के लिए युद्धविराम समझौते को लागू करने की उनकी प्रतिबद्धता में शामिल हो गया है। हालांकि, इजराइल ने ट्रंप की इस घोषणा पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की। इससे पहले शनिवार को सऊदी अरब के शहजादे मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रंप से फोन पर बातचीत के दौरान अमेरिका द्वारा ईरान पर नए हमले करने की आशंका पर चिंता व्यक्त की।

सऊदी अरब की समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। बातचीत से अवगत एक व्यक्ति ने बताया कि सलमान ने बातचीत के दौरान ट्रंप से यह स्पष्ट करने को कहा कि वह ईरान के खिलाफ किस प्रकार की नयी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने नाम न उजागर करने की शर्त पर पुष्टि की कि दोनों नेताओं के बीच शनिवार को बातचीत हुईऋ लेकिन बातचीत की विषय-वस्तु के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

इस बीच, शनिवार को अमेरिकी विदेश विभाग ने 10 देशों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए नयी सुरक्षा चेतावनी जारी की और ईरान के साथ बढ़ते तनाव के मद्देनजर उन्हें अधिक सतर्क रहने की सलाह दी। ये चेतावनियां बहरीन, इजराइल, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए जारी की गई हैं। इनमें अमेरिकी नागरिकों से संभावित उड़ान रद्द होने, अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र बंद किए जाने तथा यात्रा में अन्य प्रकार की बाधाओं के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

पश्चिम एशिया के एक अन्य घटनाक्रम में रविवार को गाजा पट्टी में इजराइल द्वारा किए गए हवाई हमलों में कम से कम आठ फलस्तीनी मारे गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में 12 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।

प्रमुख खबरें

Prasidh Krishna ने West Indies के खिलाफ संभाली गेंदबाजी की जिम्मेदारी, 2 विकेट झटके

Asian Games Archery: गणेश मणि रत्नम ने साहिल जाधव को 149-148 से हराया

Odisha Flood: CM Mohan Charan Majhi ने किया हवाई सर्वेक्षण, 1 लाख से अधिक लोग राहत शिविरों में पहुंचे

UP में AI और Semiconductor हब बनेगा नया आधार, सुनील शर्मा बोले- कृषि से जुड़ेगा तकनीक का भविष्य