Donald Trump ने जेलेंस्की से की रूस के डीजल ठिकानों पर हमले रोकने की अपील

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 13, 2026

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से रूस में डीजल ईंधन ठिकानों पर हमले रोकने का आग्रह किया और कहा कि इन हमलों के कारण डीजल की कमी हो रही है। ट्रंप से एक पत्रकार ने सवाल किया था कि क्या उन्होंने हाल में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई उनकी बातचीत के बाद जेलेंस्की से बात की है। इसके जवाब में ट्रंप ने जेलेंस्की से रूस पर हमले रोकने का आग्रह किया।

यूक्रेन के ड्रोन हमलों की वजह से पूरे रूस में ईंधन की कटौती करनी पड़ी है, जबकि यह देश तेल और गैस का एक बड़ा निर्यातक है। यूक्रेन के अन्य हमलों ने रूस की बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनियों को निशाना बनाया है, जिससे युद्ध का प्रभाव आम लोगों पर और बढ़ गया है। रूस और यूक्रेन के बीच एक-दूसरे पर ड्रोन से हमला करने का सिलसिला जारी रहने के बीच रातभर कई नागरिकों के हताहत होने की जानकारी मिली है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, रूस के तातारस्तान में दो लोगों की मौत हुई। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस ने काला सागर के बंदरगाह शहर ओडेसा पर ड्रोन हमले किए और पोलैंड से लगी सीमा चौकी के पास आग लग गई। रूस ने हाल के हफ्तों में अपने हवाई अभियान को तेज कर दिया है।

वह बैलिस्टिक मिसाइलों और जेट इंजन वाले ड्रोन का इस्तेमाल यूक्रेन की रक्षा प्रणाली को भेदने के लिए कर रहा है। रूस, कीव में मिसाइलों को रोकने वाली प्रणाली के घटते भंडार का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मॉस्को के हमलों ने सर्दियों से पहले यूक्रेन के बिजली ग्रिड को निशाना बनाया है, जिसका उद्देश्य नागरिकों का मनोबल तोड़ना है।

क्षेत्रीय प्रमुख रुस्तम मिन्निखानोव के कार्यालय के अनुसार, रविवार को यूक्रेनी ड्रोन ने तातारस्तान के शहर निजनेकाम्स्क को निशाना बनाया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हुए। बयान में कहा गया कि खड़ी कार के पास एक पेड़ से ड्रोन टकराने के बाद दो नागरिकों की मौत हो गई। ओडेसा के सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरही लिसाक के अनुसार, रूस की ओर से रात में ‘बड़े पैमाने’ पर किए गए हमले में कम से कम नौ लोग घायल हो गए।

यह शहर काला सागर पर स्थित यूक्रेन के मुख्य बंदरगाह केंद्र का घर है और कई महीनों से लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना कर रहा है। कीव ने मॉस्को पर आरोप लगाया है कि वह उसके निर्यात को रोकने की कोशिश कर रहा है। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को रूस के ड्रोन हमले में ओडेसा की एक रिहायशी ऊंची इमारत को निशाना बनाया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 26 घायल हो गए।

क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह कीपर के अनुसार, इमारत की ऊपरी मंजिलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। रविवार को ही क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि अमेरिका की मध्यस्थता में यूक्रेन के साथ शरद ऋतु में शांति वार्ता फिर से शुरू करने के लिए रूस तैयार है। पेस्कोव ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम इस संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं।

हम खास तौर पर निकट भविष्य की बात कर रहे हैं। यानी अक्टूबर की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रमुख खबरें

Team India ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया, कप्तान Shreyas Iyer ने की खिलाड़ियों की तारीफ

India Afghanistan T20: अरुण जेटली स्टेडियम में पहली बार राष्ट्रगान से पहले बजा वंदे मातरम्

Kanpur में व्यापारी की हत्या का आरोपी Sanjay Dhaba पुलिस एनकाउंटर में घायल होकर गिरफ्तार

Indonesia के Java Sea में जहाज पलटा, 6 शव बरामद और 129 लापता यात्रियों की तलाश जारी